• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नव नियुक्त एएनएम का हुआ ओरिएंटेशन।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली एएनएम (सहायक नर्सिंग मिडवाइफ) की भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल टीकाकरण और प्रसव पूर्व देखभाल तक सीमित है, बल्कि यह स्वास्थ्य जागरूकता, परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की सफलता की धुरी है। अब जिले में इन सेवाओं को एक नई गति मिलने जा रही है। राज्य सरकार द्वारा जिले में 219 एएनएम की नई पदस्थापना की गई है, जिनमें से 210 ने संबंधित प्रखंडों में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बाकी शेष भी जल्द ही योगदान करेंगी। इससे जिले के सुदूरवर्ती और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में अभूतपूर्व सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

एएनएम की नियुक्ति से जिले की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जो वर्षों से संसाधनों की कमी से जूझ रही थी। खासकर नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा में एएनएम की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। अब इन सेवाओं को गांव-गांव तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

प्रखंडवार एएनएम की संख्या: आंकड़ों में बड़ा बदलाव

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तर से प्रखंडवार पदस्थापना की गई है, जिसमें निम्नलिखित एएनएम की तैनाती हुई है, किशनगंज प्रखंड– 15, कोचाधामन– 39, ठाकुरगंज– 43, तेधागाछ– 21, दिघलबैंक– 23, बहादुरगंज– 30, पोठिया– 39 उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में एएनएम की नियुक्ति से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और नियमित टीकाकरण, एएनसी जांच और संस्थागत प्रसव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेज़ी आएगी।

एएनएम के स्वीकृत पदों की स्थिति

जिला योजना समन्वयक विश्वजित कुमार ने बताया कि जिले में एएनएम के कुल स्वीकृत पदों की संख्या लगभग 678 है। इनमें पहले से 242 एएनएम कार्यरत थीं। नई बहाली के बाद अब जिले में कुल 442 एएनएम सेवाएं दे रही हैं। जिला योजना समन्वयक विश्वजित कुमार ने बताया कि इससे जिले में जारी स्वास्थ्य योजनाओं को गति मिलेगी और सेवाएं पहले की तुलना में अधिक प्रभावशाली होंगी। विशेष रूप से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण में यह नियुक्ति अहम साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह बहाली जिले की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने वाली है। ग्रामीण स्तर पर एएनएम को स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि इनके माध्यम से टीकाकरण, एएनसी जांच, प्रसव सेवा, परिवार नियोजन जैसी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

सभी एएनएम के लिए ओरिएंटेशन का आयोजन

नव नियुक्त एएनएम को कार्य के प्रति प्रशिक्षित और जागरूक करने हेतु जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें उन्हें विभागीय योजनाओं, रिपोर्टिंग, टीकाकरण प्रक्रिया, मातृ-शिशु देखभाल और प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारियों से अवगत कराया गया। इससे ये सभी एएनएम जमीनी स्तर पर चुनौतियों से बेहतर ढंग से निपटने में सक्षम होंगी। सिविल सर्जन ने सभी नव नियुक्त एएनएम से अपील की है कि वे अपने कार्यों को पूरी निष्ठा, सेवा भाव और जिम्मेदारी के साथ निभाएं ताकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि एएनएम की यह बहाली सिर्फ एक नियुक्ति नहीं, बल्कि जिले के प्रत्येक परिवार के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि यह बहाली जिले की स्वास्थ्य प्रणाली को नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा “ग्राम स्तर पर एएनएम स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं। इनकी तैनाती से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि आमजन का सरकारी सेवाओं पर विश्वास और मजबूत होगा। सभी एएनएम निष्ठा और जिम्मेदारी से अपने कार्यों का निष्पादन करें, यही अपेक्षा है।” जिले में एएनएम की नई पदस्थापना एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक मजबूती प्रदान करेगा और ‘सभी के लिए स्वास्थ्य’ के लक्ष्य की ओर एक बड़ा कदम है। यह पहल जिले में ‘स्वस्थ ग्राम, सशक्त समाज’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। स्वास्थ्य सेवाओं को गांव तक पहुंचाने की यह रणनीति न केवल आम जनमानस को सशक्त बनाएगी, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *