• Thu. Mar 26th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज: टेउसा में ‘पंचायत सरकार भवन’ का भव्य उद्घाटन; मुखिया, सांसद और विधायक की मौजूदगी में विकास का नया अध्याय शुरू।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के तहत किशनगंज जिले के टेउसा पंचायत अंतर्गत पोटकाटी में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। यह आधुनिक भवन अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए विकास और सुशासन का मुख्य केंद्र बनेगा। उद्घाटन समारोह टेउसा पंचायत की मुखिया साजेदा खातून की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद और किशनगंज विधायक कमरुल होदा उपस्थित रहे। इसके अलावा मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद मैनुद्दीन, सरपंच मुदस्सर आलम सहित कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प
समारोह के दौरान एक सराहनीय पहल करते हुए मुखिया साजेदा खातून ने सभी के साथ मिलकर बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि हम सभी ने संकल्प लिया है कि समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाएंगे। बेटियों की शादी 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ही करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। आगे उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन के क्रियाशील होने से अब ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यहां विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें मजदूरों का पंजीकरण होगा ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में उन्हें सरकारी सहायता मिल सके। कन्या विवाह योजना और कृषि से संबंधित सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ यहीं मिलेगा। जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र आसानी से बनवाए जा सकेंगे। पंचायत स्तर पर ही जमीन से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *