• Sun. Mar 22nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मिशन परिवार विकास अभियान-सारथी रथ से परिवार नियोजन के प्रति किया जायेगा लोगों को जागरूक।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

मिशन परिवार विकास अभियान के तहत जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। जिले में 05 से 24 फरवरी तक मिशन परिवार विकास अभियान आयोजित किया जा रहा है । इसके तहत 5 से 11 फरवरी तक दंपती संपर्क सप्ताह तथा 14 से 24 फरवरी तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जायेगा। इस विशेष पखवाड़ा की सफलता को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर स्तर पर जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परिवार नियोजन संबंधी उपलब्ध इंतजामों के प्रति लोगों को जागरूक करने व लाभ उठाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हंजला ने प्रचार वाहन सारथी रथ को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

खुशहाली व तरक्की का आधार है छोटा परिवार

सिविल सर्जन डॉ मंजर आलम ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार का बड़ा आकार उसके विकास व तरक्की के मार्ग में बड़ी बाधा है। परिवार की खुशहाली व तरक्की के लिए परिवार का आकार छोटा होना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे लेकर कई कार्यक्रम संचालित हैं। परिवार नियोजन के लिए आज हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं। परिवार नियोजन के स्थाये व अस्थायी साधन दोनों ही बेहद उपयोगी हैं। इसके संबंध में लोगों को जागरूक करते हुए लोगों को इसका लाभ उपलब्ध कराना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

सारथी रथ नियोजन के महत्व के प्रति करेगा लोगों को जागरूक

जिला स्वस्थ्य समिति के डीपीएम डॉ मुनाजिम ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं के तहत प्रदान की जाने वाली सेवा यथा- बंध्याकरण, नसबंदी, कॉपर-टी एवं गर्भनिरोधक सूई (MPA) की सेवा प्रदान करने पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया जाना है। इस संबंध में अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारियों को सहयोग करने हेतु जिला स्तर से आवश्यक निर्देश दिया जा रहा है।

अभियान की सफलता को लेकर जिलाधिकारी से प्राप्त दिशा।

निर्देश के आलोक में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा हर स्तर पर जरूरी तैयारिया की गई हैं। इसके तहत जिले में जनसंख्या वृद्धि दर को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान की सफलता व नियोजन संबंधी उपलब्ध विकल्पों की जानकारी देने व परिवार नियोजन के महत्व व उपयोगिता के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में प्रचार वाहन सारथी रथ को रवाना किया गया है। शहरी क्षेत्र के अलावा दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में जाकर सारथी रथ अभियान के संबंध में व्यापक जन जागरूकता फैलाने का प्रयास करेगा। ताकि अधिक से अधिक लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

जागरूकता के साथ स्थाई एवं अस्थाई साधन अपनाने पर दिया जाएगा जोर

डीपीसी विश्वजीत कुमार ने बताया की जन जागरूकता के साथ मिशन परिवार विकास अभियान का आयोजन जिले के सभी अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित किया जायेगा। अभियान विभिन्न चरणों में संपादित होगा।उन्होंने बताया की महिला बंध्याकरण के लिए 300 रुपए एवं पुरुष नसबंदी पर 400 रुपए प्रति लाभार्थी का प्रोत्साहन राशि संबंधित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से देय होगा। डीपीएम डॉ मुनाजिम ने बताया की अभियान की शुरुआत के पूर्व कार्य योजना तैयार की जायेगी। इसके बाद दंपती संपर्क सप्ताह, परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा, परिवार नियोजन दिवस का आयोजन किया जायेगा।जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन कर मिशन परिवार विकास अभियान के दौरान इच्छुक तथा योग्य दंपतियों को परिवार कल्याण के अस्थाई एवं स्थाई उपाय अपनाने के लिए उत्प्रेरित किया जायेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी एएनएम तथा आशा को पखवाड़ा संबंधित जानकारी दी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *