राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
संयुक्त परिषद ऑफ पोस्टल कर्मचारियों के बैनर तले डाक कर्मचारी बुधवार को किशनगंज डाकघर के मुख्य द्वार के समीप अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल पर बैठे।
हड़ताल पर बैठे डाक कर्मचारियों ने बताया कि उनकी 10 सूत्री मांगे हैं, जिनमें प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
- पोस्ट ऑफिस एक्ट 2023 को समाप्त किया जाए।
- आठवां वेतन आयोग (पे कमीशन) कमेटी की नियुक्ति जल्द की जाए।
- पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए और एन.पी.एस. व यू.पी.एस. पेंशन योजना को समाप्त किया जाए।
- पेंशनधारी कर्मचारियों को कम्युटेशन की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष की जाए।
- समस्त कैडर के खाली पदों को भरा जाए।
- आरएमएस, एमएम और पोस्ट ऑफिस के दफ्तरों का मर्जर और विभाजन बंद किया जाए।
- आरएमएस, एमएमएस के कैडरों की जल्द से जल्द कैडर रिव्यू की जाए।
- जी.डी.एस., कैजुअल लेबर और पार्ट-टाइम कर्मचारियों को समान कार्य के लिए केंद्रीय कर्मचारियों के समान वेतन दिया जाए।
- कोविड महामारी के दौरान जहाँ-जहाँ आरएमएस के कार्यालय बंद किए गए थे, उन्हें पुनः खोला जाए।
- ठेकेदारी प्रथा द्वारा आरटीएन को बंद किया जाए और डाक विभाग में मेल का आदान-प्रदान एमएमएस के मेल वाहनों से किया जाए।
इस दौरान डाक कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो वे आगे भी हड़ताल करेंगे।
हड़ताल में विकास कुमार सिंह, अनुज कुमार सिंह, दिलीप कुमार, विनोद कुमार साह, ज्ञानेंद्र कुमार, हरेंद्र कुमार दास एवं अन्य डाक कर्मचारी मौजूद थे।
