• Tue. Mar 3rd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला पदाधिकारी द्वारा नशा मुक्ति दिवस पर प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना — विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में चयनित छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित।

सारस न्यूज, किशनगंज।

नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी, किशनगंज श्री विशाल राज द्वारा डुमरिया बालिका उच्च विद्यालय से नशा मुक्ति संबंधी प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रभात फेरी डुमरिया पुल होते हुए गांधी चौक, पुनः गांधी चौक से डुमरिया पुल होते हुए बालिका उच्च विद्यालय, डुमरिया तक निकाली गई।

प्रभात फेरी में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से नशीले पदार्थों एवं जहरीली शराब के दुष्परिणामों को प्रदर्शित किया गया तथा नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया।

प्रभात फेरी के उपरांत जिला परिषद स्थित मेची सभागार में मद्यनिषेध विभाग द्वारा नशा मुक्ति दिवस से संबंधित लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा नशा मुक्ति दिवस 26 नवंबर 2025 के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर चयनित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार हैं—

चित्रकला प्रतियोगिता:
• प्रथम – निशा कुमारी, बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज
• द्वितीय – राज मोदक, इंटर उच्च विद्यालय, किशनगंज
• तृतीय – मुन्नू कुमारी, उ० मा० वि० चकलाघाट, किशनगंज

निबंध लेखन प्रतियोगिता:
• प्रथम – प्रिया कुमारी, बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज
• द्वितीय – विशाल मुर्मू, नेशनल उच्च विद्यालय, किशनगंज
• तृतीय – रोहन कुमार राम, इंटर उच्च विद्यालय, किशनगंज

वाद-विवाद प्रतियोगिता:
• प्रथम – प्रिया कुमारी, बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज
• द्वितीय – प्रीति कुमारी, बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज
• तृतीय – केशव कुमार ठाकुर, इंटर उच्च विद्यालय, किशनगंज

जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके उपरांत उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने नशा विरोधी विषय पर आधारित लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम को देखा। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जीविका एवं मद्यनिषेध विभाग द्वारा तैयार की गई नशा विरोधी लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *