राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले के विभिन्न इलाकों में क्रिसमस का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। ईसाई समुदाय के लोगों ने प्रभु यीशु का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। पूरे जिले में क्रिसमस का उत्साह स्पष्ट रूप से देखा गया। बाजारों में चहल-पहल रही, और लोगों ने अपने प्रियजनों को उपहार देकर इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार रात 12 बजे जैसे ही घड़ी की सुई ने क्रिसमस के दिन की शुरुआत की, ईसाई समुदाय के लोगों ने चर्च में जमा होकर प्रार्थना की। इस अवसर पर पुरुष, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने भाग लिया। एक-दूसरे को केक खिलाकर और शुभकामनाएं देकर पर्व का स्वागत किया गया।

किशनगंज के रूईधासा स्थित रोमन कैथोलिक चर्च, बेथल मिशन स्कूल, इमैनुअल मिशन, फ्रीविल बैपटिस्ट चर्च और लाइन-मिलन पल्ली रोड स्थित चर्च में प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाया गया। रात 12 बजे के बाद शुरू हुई प्रार्थना सभा में ईसाई समाज के लोगों ने एक साथ मिलकर प्रभु यीशु से आशीर्वाद मांगा और मोमबत्तियां जलाईं।
बुधवार को भी लोगों ने सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप और ट्विटर के जरिए अपने प्रियजनों को क्रिसमस की बधाइयां दीं। चर्चों के अलावा, घरों में भी इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया गया। क्रिसमस का यह पावन पर्व न केवल ईसाई समुदाय के लिए, बल्कि सभी के लिए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश लेकर आया।
