राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज में आगामी 9 मई 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सचिव ओम शंकर ने बुधवार को बैंक के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक ऋण से संबंधित मामलों के निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई।
सचिव ओम शंकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों में सक्रिय रूप से भाग लें और इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निष्पादित किए जाने वाले बैंक ऋण से संबंधित मामलों में नियमानुसार अधिक से अधिक छूट दी जाए, ताकि बैंक ऋणियों को राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ मिल सके।
यह राष्ट्रीय लोक अदालत वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। इसमें अपराधिक समझौता योग्य अपराध, प्ली बार्गेनिंग, एनआई एक्ट की धारा 138 से संबंधित मामले, मनी रिकवरी केस, मोटर एक्सीडेंट क्लेम केस, समझौता योग्य ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण मामले, सेवा मामले, राजस्व एवं अन्य सहायक मामले सहित उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय और राज्य/जिला/तालुका प्राधिकरणों के समक्ष लंबित अन्य सिविल मामले शामिल किए जाएंगे।
