• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

प्रवेश उत्सव की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य प्रवेश उत्सव (नामांकन पखवाड़ा) के अंतर्गत जिले में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2025 तक संचालित हो रहे नामांकन अभियान की प्रगति की समीक्षा करना था।

बैठक में शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आई.सी.डी.एस.), सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षिका (एलएस) उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिले के सभी 5.5 से 6 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों का निकटतम विद्यालय में कक्षा 1 में अनिवार्य रूप से नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान प्रखंडवार ICDS एवं शिक्षा विभाग द्वारा अब तक की गई प्रगति की समीक्षा की गई, जो कि लक्ष्य के अनुरूप असंतोषजनक पाई गई। इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए:

1. सभी सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षिकाएँ (एलएस) आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 5.5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों की सूची निकटतम विद्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराएं।

2. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सूचीबद्ध बच्चों का नामांकन तत्काल ही जाए।अगर किसी बच्चे को आधार कार्ड आदि नहीं है तो उसका भी नामांकन लेते हुए । उनके अभिभावक को इसे बनाने में सहयोग करेंगे ।

3. ऐसे बच्चे जो आंगनबाड़ी में पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें टोला सेवक, जीविका दीदी, सेविका, सहायिका एवं शिक्षकों के माध्यम से चिन्हित कर उनका नामांकन भी सुनिश्चित किया जाए।

4. नामांकन की प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र में जिला कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए।

जिलाधिकारी महोदय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान की समीक्षा परसों की जाएगी, जिसमें प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस दिशा में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रवेश उत्सव जैसे महत्त्वपूर्ण अभियान के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जिले में शत-प्रतिशत प्राथमिक नामांकन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *