सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नंबर 1 में पावरहाउस के पास बिना वार्ड पार्षद और अधिकारियों की जानकारी के सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। वार्ड पार्षद ने इस पर नाराजगी जताते हुए नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन दिया है और सड़क निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
स्थानीय पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय निवासियों से प्राप्त सूचना के अनुसार, सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। जब पार्षद निरीक्षण के लिए स्थल पर पहुंचे, तो देखा कि नारियल बागान के पास, पावरहाउस में बिना किसी पूर्व सूचना या जानकारी के लगभग 1500-2000 फीट लंबाई का सड़क निर्माण कार्य हो रहा था। यह निर्माण पूरी तरह से गुणवत्ताहीन था और इसे अवैध रूप से किया जा रहा है।
पार्षद ने कार्यालय में आवेदन देकर यह पूछा है कि किस प्रस्ताव, आदेश और निरीक्षण के तहत तथा किसके द्वारा यह निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस अवैध निर्माण कार्य की तत्काल जांच कर इसे रोकने और उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी टिप्पणी करने से बच रहे हैं। नगर पंचायत ठाकुरगंज में बिना संविदा और प्रशासनिक स्वीकृति के यह निर्माण किसके आदेश पर हो रहा है, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
