सारस न्यूज़, किशनगंज।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पौआखाली में छात्राओं और शिक्षिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर चर्चा
महिला एवं बाल विकास निगम के परियोजना प्रबंधक शमीम अंसारी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्राओं और शिक्षिकाओं को कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न, लैंगिक भेदभाव, लिंग आधारित हिंसा, बाल विवाह और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा समाज के विकास की कुंजी है।
जिला मिशन समन्वयक शहबाज़ आलम ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, OSC महिला हेल्पलाइन (181), साइबर अपराध, भ्रूण हत्या और महिला अधिकारों से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
जागरूकता बढ़ाने पर जोर
जेंडर विशेषज्ञ सुशील कुमार झा ने दहेज उन्मूलन, बाल विवाह रोकथाम, मद्यनिषेध, सामाजिक पुनर्वास योजना, और महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रोशनी परवीन ने यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए आंतरिक समिति की भूमिका और माहवारी स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और बुकलेट वितरण
कार्यक्रम में छात्राओं के बीच बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर आधारित बुकलेट का वितरण किया गया। साथ ही, विद्यालय की बालिकाओं ने योजना के उद्देश्यों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी, जिसे सभी ने सराहा।
कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिका और सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।