• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के सोनार पट्टी रोड स्थित रामबाबू गली में एक पुराने कार्टून के अंदर कचरे के ढेर के पास नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अनुमान के अनुसार यह नन्ही बच्ची मात्र 3 दिन की थी। मंगलवार की सुबह जब लोग अपने रोजमर्रा के कामकाज में व्यस्त थे, तभी एक राहगीर की नजर कचरे के ढेर पर पड़ी। पहले तो लगा कि कोई पुराना कपड़ा या सामान फेंका हुआ है, लेकिन नजदीक पहुंचते ही उसका दिल धक रह गया। गंदगी में लिपटा एक छोटा-सा ठंडा शरीर पड़ा था। आसपास के लोगों ने तुरंत सदर थाना को सूचना दी। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव को उठाकर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने आसपास के निवासियों से पूछताछ शुरू कर दी है। यदि कोई सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हुई तो उसे भी जांच के दायरे में लिया जा रहा है। थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि शव मिलने की पूरी परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। सबूतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्थानीय पूछताछ के आधार पर ही सच्चाई सामने आएगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या किसी क्रूरता का शिकार बनी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्ची किसकी थी, उसकी मां कौन है और क्या कोई मजबूरी, सामाजिक दबाव या निर्दयता के कारण ऐसा कदम उठाया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *