• Mon. Mar 2nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

पीएचसी टेढ़ागाछ में दिव्यांगजन शिविर का सफल आयोजन, 69 लाभार्थियों को मिला प्रमाण पत्र

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, उपचार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में दिव्यांगजन शिविर एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे शिविरों के माध्यम से न केवल दिव्यांगता का वैज्ञानिक मूल्यांकन होता है, बल्कि प्रमाण पत्र मिलने से पेंशन, छात्रवृत्ति, इलाज, रोजगार और अन्य सुविधाओं का मार्ग भी प्रशस्त होता है। इसी कड़ी में सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में दिव्यांगजन शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर में गठित दिव्यांग बोर्ड द्वारा विशेषज्ञ स्तर पर जांच की गई। बोर्ड में डॉक्टर कृष्णानंद तीर्थंकर (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉक्टर अकील सरवर (नेत्र रोग विशेषज्ञ) एवं डॉक्टर कौसर आलम (शिशु रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे। इसके साथ ही श्री अविनाश राय, जिला यूडीआईडी (UDID) कोऑर्डिनेटर ने यूडीआईडी से संबंधित प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण सहयोग किया, जिससे लाभार्थियों को आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो।

69 दिव्यांगजनों को मिला प्रमाण पत्र, योजनाओं तक पहुंच होगी आसान

बीएचएम अजय साहा ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 69 लाभार्थियों का दिव्यांगता मूल्यांकन कर प्रमाण पत्र बनाया गया। प्रमाण पत्र मिलने से इन दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, यूडीआईडी कार्ड, निःशुल्क या रियायती इलाज, शिक्षा एवं स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा। शिविर में लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्था की गई थी।

“दिव्यांगजनों को अधिकार दिलाने की मजबूत कड़ी”

जिले के सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजन शिविर, दिव्यांग व्यक्तियों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने की एक मजबूत कड़ी है। प्रमाण पत्र मिलने से वे सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगे और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग दिव्यांगजनों के हित में ऐसे शिविरों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।

सेवा भाव से किया गया आयोजन

पीएचसी टेढ़ागाछ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि शिविर का आयोजन पूरी सेवा भावना के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि प्रयास रहा कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों का एक ही स्थान पर मूल्यांकन और प्रमाणन हो सके, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर के सफल संचालन में बीएचएम अजय कुमार साह एवं बीईई अभिषेक कुमार सहित स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। टीमवर्क के कारण शिविर सुचारू रूप से संपन्न हुआ और लाभार्थियों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकीं।

यह शिविर न केवल दिव्यांगजनों के लिए राहत लेकर आया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ने का भरोसा भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *