सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज स्थित रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक (10वीं) परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। छात्रों की इस सफलता ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को एक बार फिर साबित कर दिया है।
इस वर्ष विद्यालय के कुल 127 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें से 126 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इस तरह विद्यालय का कुल परिणाम 99.2 प्रतिशत रहा, जो एक अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है।
परिणाम के अनुसार 113 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जबकि 11 छात्र द्वितीय श्रेणी और 2 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। केवल 1 विद्यार्थी इस परीक्षा में सफल नहीं हो सका। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रथम श्रेणी में स्थान बनाकर विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में माज़ आलम ने 469 अंक (93.80 प्रतिशत) प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं मो. अबुज़र 468 अंक (93.60 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे तथा कायनात अयाज़ ने 464 अंक (92.80 प्रतिशत) लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
इस उपलब्धि पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक ने खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय के अनुशासित माहौल का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि मैट्रिक स्तर पर यह सफलता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी और विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
