देवाशीष चटर्जी, सारस न्यूज, टेढ़ागाछ।
किशनगंज प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार की मध्य रात्रि तक भगवान की पूजा पाठ कर भजन कीर्तन किया गया। श्रद्धालुओं ने जगह जगह भगवान श्री कृष्ण की मनभावन मूर्ति स्थापित की। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र में मटियारी, भोजपुर बीबीगंज, चिल्हनियॉ, फुलबरिया, भोरहा, धवैली, टेढ़ागाछ, खनियाबाद, हवाकोल, रहमतपुर बैगना आदि जगहों पर मूर्तियां स्थापित कर श्रद्धालुओं ने धूमधाम से भगवान की भक्ति की। साथ ही इस अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रखंड के कई जगहों पर मेले का आयोजन किया गया। मौसम साफ होने के कारण मेले में लोगों की संख्या अच्छी-खासी दिखी। मेले मे ज्यादातर बच्चे नजर आये। फुलबारी, फाराबारी आदि जगहों पर मेले का आयोजन किया गया। मेले को आकर्षक बनाने के लिये खिलौने की दुकान के साथ साथ कई प्रकार के लजीज़ व्यंजनों की भी दुकाने सजकर तैयार थी। फाराबारी निवासी समाजसेवी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि फाराबारी का यह मेला पचास वर्षों से भी अधिक पहले से आयोजित होता आया है। उन्होने बताया कि यहा भगवान कृष्ण की मूर्ति स्थापित कर विधि विधान से पूजा पाठ किया जाता है। इस मेले को देखने के लिये श्रद्धालु प्रखंड के लगभग सभी पंचायतों से पहुँचते है और भगवान कृष्ण से अपनी मुरादे मांगते है। मेले को संयोजित करने के लिये प्रशासन भी मुस्तैद रहती है।