सारस न्यूज़ टीम, सारस न्यूज़।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे को ले भाजपा किसान मोर्चा ने कमर कस ली है, जनसभा में शामिल होने के लिए भाजपा कार्यकर्ता आमंत्रण देने ठाकुरगंज पहुंचे है। शुक्रवार को पूर्णियां के रनभूमि मैदान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संभावित जनसभा रैली में शामिल होने को लेकर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल सहित पूरी टीम ने ठाकुरगंज का दौरा किया। इस दौरान पेट्रोल पंप चौक ठाकुरगंज स्थित किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह के आवास पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ता एवं आमलोगों को जनसभा रैली में शिरकत करने के लिए आमंत्रण दिया। इस क्रम मे प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे से इस क्षेत्र की दिशा व दशा दोनों में परिवर्तन आएगा। पिछड़े सीमांचल क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। देश की सीमा क्षेत्र में देशविरोधी ताकतों पर पूर्णतः विराम लगेगा। सीमावासियों के सर्वांगीण विकास के कई द्वार खुलेंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे पर वे देश की सीमा पर तैनात सेना के जवानों से भी मिलेंगे एवं सीमा के निगेहबानी में आ रही मुश्किलों को भी वह जानेंगे और उसे दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रंजन तिवारी एवं दीपक शर्मा, समाजसेवी पन्ना सिंह, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष बिजली प्रसाद सिंह, आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।