सारस न्यूज, किशनगंज।
आगामी 15 से 21 नवंबर तक किशनगंज लोकसभा के अंतर्गत आनेवाले 6 विधानसभा ठाकुरगंज, बहादुरगंज, कोचाधामन, किशनगंज, बायसी एवम अमौर में भाजपा लोकसभा समिति द्वारा प्रवास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह प्रवास कार्यक्रम 15 नवंबर से प्रारंभ होगा। जिसमें 15 नवंबर को ठाकुरगंज में विधानसभा संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें लोकसभा प्रभारी पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका, लोकसभा संयोजक गोपाल मोहन सिंह, जिलाध्यक्ष सुशांत गोप सहित विधानसभा कोर कमेटी के सदस्य भाग लेंगे। कमेटी की बैठक विभिन्न मंडलों में होनी है। उक्त बातों की जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुशांत गोप ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी लगातार किशनगंज जिले की संगठनात्मक सशक्तिकरण एवं बूथ कमेटी को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। निश्चित रूप से आनेवाला चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए उपयोगी साबित होगा। इन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के द्वारा दिया गया बयान सर्व विदित है, भारतीय जनता पार्टी वंशवाद परिवारवाद का घोर विरोधी रहा है। इसे कार्यकर्ताओं की पार्टी के रूप में विश्व में ख्याति प्राप्त है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे और विजय हासिल करेंगे। ऐसी संगठन विस्तार की योजना के निमित्त लगातार संगठन विस्तार में भारतीय जनता पार्टी 15 से 21 तारीख तक विभिन्न विधानसभाओं का प्रवास दौरा एवं बैठक करेगी। वहीं उक्त कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्त्ताओं द्वारा तैयारी जोरों पर हैं।
