सारस न्यूज, किशनगंज।
प्रखंड के सभी ग्राम पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में प्रखंड के सभी पंचायतों में आगामी 21 नवंबर से 28 नवंबर तक किसान चौपाल लगेगी। जिसमें बीएओ, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और संबद्ध विभाग के पंचायत व प्रखंडस्तरीय कर्मी भाग लेंगे। इसमें कृषि वैज्ञानिक व विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि किसान चौपाल में पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। किसान चौपाल में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। किसान चौपाल में योजना व तकनीकों से संबंधित जानकारी के लिए पंपलेट व हैंडबिल का वितरण किसानों के बीच किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसान चौपाल कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि विभाग की महत्त्वाकांक्षी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाना, किसानों के समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना तथा उसके समाधान हेतु सुझाव किसानों से प्राप्त करना, कृषि की नवीनतम तकनीकी की जानकारी किसानों तक पहुंचाना, किसान हित समूह, खाद्य सुरक्षा समूह तथा किसान उत्पादक संगठन के गठन की जानकारी उपलब्ध कराना, फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि लाने में बढ़ावा दिया जाना, किसानों की आमदनी में वृद्धि के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाना हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 21 नवंबर को बंदरझुला एवं डुमरिया में, 22 नवंबर को मालिनगांव, पौआखाली एवं रसिया में, 23 नवंबर को भोलमारा, खारुदह एवं बरचौंदी में, 24 नवंबर को तातपौआ, जिरनगछ एवं दल्लेगांव में, 25 नवंबर को भोगडावर, दुधौंटी एवं छैतल में, 26 नवंबर को चुरली, पटेश्वरी एवं कनकपुर में, 27 नवंबर को भातगांव, बेसरबाटी एवं कुकुरबाघी में 28 नवंबर को पथरिया एवं सुखआडाली ग्राम पंचायत में किसान चौपाल आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर प्र.उ.पदा. संजय कुमार सिंह, कृषि समन्वयक जटाशंकर सिंह एवं कौशल किशोर को पंचायत नोडल पदाधिकारी के रुप में प्रतिनियुक्त करते हुए सभी किसान सलाहकार को निर्देश दे दिए गए हैं।