सारस न्यूज, किशनगंज।
प्रखंड ठाकुरगंज में तरंग मेघा स्पोटर्स उत्सव 2022 का आयोजन को ले विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत आठ शिक्षकों का प्रतिनियोजित किया गया है। प्रखंड स्तरीय तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव 2022 का आयोजन 8 दिसंबर को प्लस टू उच्च माध्यामिक विद्यालय ठाकुरगंज के स्टेडियम में किया जाना है। प्रखंड स्तरीय तरंग मेधा स्पोर्ट्स उत्सव को संपन्न कराने को लेकर प्रखंड संसाधन केंद्र में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनैना कुमारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय आयोजन समिति गठित की गई एवं इस उत्सव को सफल बनाने हेतु शारीरिक शिक्षक व सहायक शिक्षकों को लगाया गया है। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनैना कुमारी ने बताया कि शिक्षा विभाग, बिहार पटना अपर मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में गत एक दिसंबर को प्रखंड ठाकुरगंज के सभी संकुल संचालक एवं समन्वयक तथा खेल शिक्षक के साथ एक बैठक आहूत की गई थी। उक्त बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में आगामी 08 दिसंबर 2022 को प्रखंड स्तर पर तरंग मेघा स्पोटर्स उत्सव 2022 का आयोजन प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय ठाकुरगंज के स्टेडियम में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड स्तर पर तरंग मेघा स्पोटर्स उत्सव 2022 के आयोजन के प्रबंधन हेतु एजाज अनवर (मवि बेहबुलडांगी), निलेश कुमार भारती (नया प्रावि भैसलोटी), प्रवीण कुमार (उमवि झरुआडांगा), मदन मोहन प्रसाद (उमवि नेजागच्छ), चन्द्रदीप महतो (उमवि पथरिया), गौरी शंकर सिंह (उमवि चुरलीगुड़ी), सुनील कुमार ( मवि चुरली) एवं समीर प्रवेज (उच्च विद्यालय ठाकुरगंज) शिक्षकों को प्रतिनियोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव एवं शिक्षा विभाग, बिहार के अपर मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में तरंग मेधा स्पोर्टस उत्सव- 2022 के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिया गया है, जिसमें दलीय प्रतिस्पर्धाओं (फुटबॉल, कबड्डी एवं खो-खो) एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। दलीय प्रतियोगिता हेतु फुटबॉल 16 खिलाड़ी, कबड्डी 12 खिलाड़ी एवं खो-खो-12 खिलाड़ी बालक एवं बालिका वर्ग से चयनित किए जाएंगे। तरंग विद्यालय स्तर से शुरू होकर प्रखंड, जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर आयोजित होगी। संकुल स्तर पर चयनित कबड्डी, खो-खो एवं फुटबॉल, दलीय स्पर्धा एवं एथलेटिक्स एकल, आयु वर्ग अंडर-12 अंडर-14 अंडर-17 बालक – बालिका इस उत्सव में शामिल होंगे। दलीय प्रतियोगिता हेतु जिला खेल पदाधिकारी, किशनगंज द्वारा पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। तरंग मेधा स्पोर्टस उत्सव-2022 के आयोजन हेतु प्रखण्ड स्तरीय आयोजन समिति के गठन से संबंधित प्रतिवेदन जिला खेल पदाधिकारी, किशनगंज को उपलब्ध कराई गई है।