सारस न्यूज, किशनगंज।
गुरूवार को ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय ठाकुरगंज के खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय दक्ष वार्षिक खेल कार्यक्रम आयोजन किया गया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में आयोजित उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ सुमित कुमार ने बताया कि भारतीय ओलम्पिक समिति, खेल मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त भारतीय खेल संघों के द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में शामिल खेलों को उक्त कार्यक्रम में आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि 27 खेल विधाओं में से प्रखंड ठाकुरगंज में सात अनिवार्य खेल विधा में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी आदि प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। जिसमें अंडर-14 , अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकायें भाग लिए। शहर से लेकर गांव तक खेल का माहौल बन सके, इसलिए इस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड के सभी विद्यालयों का संकुल स्तर पर खेलों का आयोजन किया गया था, उसके बाद गुरुवार को प्रखंड स्तर पर खेल का आयोजन किया गया है। प्रखंड स्तर पर विजयी स्कूल की टीम अथवा व्यक्तिगत खिलाडियों को अपनी खेल कौशल का प्रदर्शन जिला स्तर पर करने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि दक्ष जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 जनवरी तक शहीद अशफाकउल्ला खां स्टेडियम एवं इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। वहीं खेल समाप्ति के बाद बीईओ सुनैना कुमारी ने विजयी स्कूल की टीम एवं खिलाडियों को मेडल, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उक्त आयोजन को सफल बनाने में जीतेन्द्र गणेश, करुण कुमार, अर्जुन पासवान, एजाज अनवर, अब्दुल हामिद, निलेश भारती, तपेश बर्मा, समीर परवेज, इक़बाल अहमद, नूर इस्लाम, सदानंद सदन, धरनीकांत बर्मन, शिव नारायण मंडल, जाहिद आलम सुनील कुमार, फतहुल बारी, तपेश कुमार वर्मा, निरोध सिन्हा आदि शिक्षकों ने अपने अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।