सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिसप्ताहिक (तीन सप्ताह) व्यावसायिक प्रशिक्षण सुदूरवर्ती क्षेत्र से आए हुए 55 युवाओं का व्यावसायिक प्रशिक्षण का शुभारम्भ किया गया। प्रखंड के चुरली हाट स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक किशनगंज में उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रखंड के सीमावर्ती युवाओं को इलेक्ट्रिकल वायरिंग, घरेलू उपकरणों एवं वेल्डिंग में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के सहायक कमान्डेंट सुनील कुमार एवं राजकीय पॉलीटेक्निक किशनगंज के प्राचार्य ई चितरंजन कुमार के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उसके उपरांत मंच संचालक ई उमेश कुमार (सिविल इंजिनियर) द्वारा सहायक कमान्डेंट सुनील कुमार का हार्दिक अभिनन्दन किया एवं पूरी वाहिनी को धन्यवाद ज्ञापित किया कि इस प्रशिक्षण के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान को चुना गया। इस दौरान सभी प्रतिभागी प्रशिक्षु युवाओं का परिचय लिया गया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक के प्राचार्य ई चितरंजन कुमार ने कहा कि वह मन लगाकर इस प्रशिक्षण को करें ताकि भविष्य में आने वाले अवसर पर इसका भरपूर फायदा मिल सके और आत्मनिर्भर हो सके।
इसके उपरांत 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के सहायक कमान्डेंट सुनील कुमार ने एसएसबी के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 1751 किमी लम्बी नेपाल और 699 किमी लम्बी भूटान सीमा की सुरक्षा में सशस्त्र सीमा बल अपनी महत्वपूर्ण भूमिका तो निभा ही रहे हैं साथ ही वाहिनी के द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में समय समय पर नागरिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जैसे- मानव चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, कंप्यूटर ट्रेनिंग, किसानों के लिए कृषि उपकरण का वितरण, स्कूली बच्चों के लिए बेंच डेस्क आदि अन्य कई कार्यक्रम संचालित किए जाते रहते हैं। उन्होंने छात्रों को यहाँ के अनुभवी और गुणी शिक्षकों के बारे में अवगत कराया और इस प्रशिक्षण को ईमानदारी पूर्वक पूर्ण करने का आग्रह किया। शिक्षा का हमारे जिन्दगी में बहुत अहमियत है। हम आशा करते हैं कि आप इस व्यावसायिक प्रशिक्षण के द्वारा आत्मनिर्भर एवं स्वाबलंबी बनेंगे और अपने एवं अपने परिवार का बखूबी ख्याल रखने मे सक्षम होंगे। इस कार्यक्रम में राजकीय पॉलीटेक्निक किशनगंज के ई विनोद कुमार, ई सिकंदर कुमार एवं एसएसबी उप निरीक्षक दिनकर कुमार मिश्रा एवं अन्य बलकर्मी उपस्थित थे।
