सारस न्यूज, किशनगंज।
19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर हथियार प्रदर्शनी एवं सांकृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वाहिनी के कार्यवाहक कमान्डेंट रविकान्त द्विवेदी द्वारा सर्वप्रथम शहादत प्राप्त कर चुके केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल एवं राज्य पुलिस कर्मी को याद कर उनकी स्मृति में माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। रविकान्त द्विवेदी द्वारा रीथ चढाकर शहीदों को नमन भी किया गया। तत्पश्चात सम्मान गार्ड द्वारा शहीदों को शोक शस्त्र से सलामी के साथ 2 मिनट का मौन रख कर नमन किया गया। इसी क्रम में कार्यवाहक कमान्डेंट रविकान्त द्विवेदी द्वारा सभी जवानों को पुलिस स्मृति दिवस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत – चीन सीमा पर अपना पहला रखवाली करते हुए 10 पुलिस जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं की शहादत की याद में इस दिन को मनाया जाता है। जब भी देशभक्ति की बात आती है तो अक्सर भारतीय सैनिकों को ही देश में याद किया जाता है, लेकिन देश के पुलिस के लिए यह खास दिन ज्यादातर लोगों को याद नहीं रहता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष इस कार्यक्रम को मनाने का निर्णय लिया गया। उक्त कार्यक्रम के पश्चात् वाहिनी मुख्यालय में स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय ठाकुरगंज के 150 छात्राओं एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरागीझार के 100 छात्र- छात्राओं के साथ संस्कृतिक कार्यक्रम के प्रस्तुति दी गई। इसके उपरांत हथियार प्रदर्शनी आयोजन में छात्र – छात्राओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग ले कर कार्यक्रम को सफल बनाया। हथियार प्रदर्शनी में बच्चों ने काफी उत्सुकता दिखाई और अपने मन में उत्पन्न सवालों का वाहिनी कर्मियों के द्वारा जवाब पाकर काफी आनंदित हुए। कार्यक्रम के अंत में सहायक कमांडेंट (संचार) सुनील कुमार के द्वारा इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आये हुए प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय ठाकुरगंज की सहायक शिक्षिका टिंकू कुमारी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैरागीझार के प्रधानाध्यापक जहाँगीर आलम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
वहीं इस कार्यक्रम के दौरान सहायक कमान्डेंट (चिकित्सक) मागा राम, निरीक्षक शंकर कुमार मण्डल, उप निरीक्षक (संचार) दिनकर कुमार मिश्रा सहित एसएसबी बटालियन मुख्यालय के समस्त बलकर्मी मौजूद थे।

