• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

एसएसबी द्वारा मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत ठाकुरगंज में जागरूकता रैली आयोजित।

सारस न्यूज, किशनगंज।

सोमवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के द्वारा मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत वाहिनी मुख्यालय के साथ – साथ सभी समवायों में जागरूकता रैली का आयोजान किया गया। वाहिनी मुख्यालय के द्वारा आयोजित रैली में वाहिनी के बल कार्मिकों के साथ प्लस टू ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के करीब 300 बच्चों ने बढ़- चढ़ कर भाग लिया। सर्वप्रथम 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने रैली को वाहिनी मुख्यालय से हरा झंडा दिखा कर रवाना किया और बच्चों के साथ भारत माता की जय के नारों के साथ तिरंगा लहराते हुए आगे बढे। यह रैली वाहिनी मुख्यालय से चल कर ब्लॉक रोड होते हुए ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन और वापस इसी मार्ग से वाहिनी मुख्यालय तक आई। इसी क्रम में ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन प्रागंण में 19वीं वाहिनी के उप कमांडेंट एम ब्रोजेन सिंह ने सबों को बताया कि भारत की आज़ादी के 76 वर्ष के पूरे होने और आजादी के अमृत महोत्सव का समापन करने के लिए मेरी माटी मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान हमारे देश के शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। आजादी की लड़ाई एक संग्राम था जिसमें आजादी के लिए ना जाने कितने योद्धाओं ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। आजादी की यह लड़ाई समूचे भारत में लड़ी गई जिसके अलग राज्य और हिस्सों के सेनानियों ने स्वतंत्रता की लड़ाई में अपना योगदान दिया। अब एक आजाद देश के नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम उन स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दें। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी अपने अपने घरों, दुकानों व संस्थानों पर तिरंगा लगा कर आज़ादी के जश्न को मनाएंगे। अंत में उप कमांडेंट एम ब्रोजेन सिंह के द्वारा सभी को पंच प्राण की शपथ दिलवाई गयी। रैली को आगे बढ़ाते हुए प्लस टू ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के प्रांगण में लाया गया। स्कूल प्रांगण में वाहिनी के उप कमांडेंट जगजीत बहादुर जेग्वार और विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार मिश्रा के द्वारा ध्वजारोहण किया गया और राष्टगान गाकर अभियान का समापन किया गया।

इस अभियान में एसएसबी के निरीक्षक स्वरुप चंद व शंकर कुमार मंडल, उप निरीक्षक दिनकर कुमार मिश्रा, नरेश कुमार व रंगीला राम, स्कूल के सहायक शिक्षक चन्द्र भूषण झा, समीर परवेज़, राजकुमार गाँधी, मो गिलानी अख्तर, मो सरफराज आलम, आमिर फैशल अंसारी, सचिवाला सहित एसएसबी के जवान शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *