सारस न्यूज, किशनगंज।
शुक्रवार को 19वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय ठाकुरगंज में सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन का आगमन हुआ। इनके आगमन पर सर्वप्रथम 19वीं वाहिनी के कमांडेंट मधुकर अमिताभ द्वारा महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस दौरान वाहिनी में पदस्थ समस्त अधिकारियों से महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन ने परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन ने केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन हेतु वाहिनी को सुरक्षा के सभी मापदंडों पर खरे उतरने का निर्देश दिया। इस बीच महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन ने सीमावर्ती क्षेत्रों के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाए।

उन्होंने सीमा पर बल की निगेहबानी सख्त करने के निर्देश दिए। इस क्रम में उन्होंने वाहिनी मुख्यालय के लिए अधिग्रहित भूमि के संदर्भ में महानिदेशक डॉ एस.एल.थाओसेन ने आधारभूत संरचना निर्माण कार्य हेतु जल्द प्रारंभ होने की बात कही। इस दरम्यान उन्होंने 19वीं वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट मधुकर अमिताभ सहित अन्य एसएसबी अधिकारी से इंडो नेपाल बॉर्डर की भौगोलिक स्थिति से अवगत हुए और सीमा की सख्त निगेहबानी हेतु गुप्त सूचनाओं का आदान प्रदान भी हुआ। कुछ देर रुकने और सूक्ष्म जलपान के बाद वे वाहिनी मुख्यालय ठाकुरगंज से 12वीं वाहिनी के लिए प्रस्थान कर दिए और जहां शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आगमन है।
बताते चलें कि सप्ताह भर पहले भी महानिदेशक का आगमन वाहिनी मुख्यालय में हुआ था। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को ही 19वीं वाहिनी मुख्यालय ठाकुरगंज में गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के संयुक्त सचिव आशीष कुमार (भाप्रसे), सड़क निर्माण विभाग बिहार के अधिशाषी अभियंता सुशील कुमार एवं सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के अधिशाषी अभियंता सह सहायक कमांडेंट नरेश कुमार नागर का आगमन हुआ।

इस मौके पर 19वीं वाहिनी के कमांडेंट मधुकर अमिताभ ने उक्त अधिकारियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कमांडेंट मधुकर अमिताभ ने बताया कि गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के संयुक्त सचिव आशीष कुमार (भाप्रसे), सड़क निर्माण विभाग बिहार के अधिशाषी अभियंता सुशील कुमार एवं सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी के अधिशाषी अभियंता सह सहायक कमांडेंट नरेश कुमार नागर ने इंडो नेपाल बॉर्डर पर बन रही सीमा सड़क की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने सीमावर्ती क्षेत्र का भ्रमण किया और सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसी क्रम में वरीय अधिकारियों द्वारा वाहिनी का निरीक्षण किया एवं सूक्ष्म जलपान के बाद सीमा क्षेत्र के भ्रमण हेतु प्रस्थान किया।
इस मौके पर 19वीं वाहिनी के उप कमांडेंट जीत लाल, उप कमांडेंट रविकान्त द्विवेदी, सहायक कमांडेंट एस.ए.सिकन्दर सहित बल के समस्त अधिनस्त अधिकारी व कर्मचारी गण मौजूद थे।