सारस न्यूज, किशनगंज।
रविवार को ठाकुरगंज नगर स्थित भातढाला में आनंद मार्ग प्रचारक संघ जिला इकाई किशनगंज द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बाबा नाम केवलम अखंड संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम आनंदमार्ग के संस्थापक व प्रवर्तक श्री श्री आनंदमूर्ति जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित और दीप जलाया गया। इसके बाद प्रभात संगीत, धर्म चक्र व गुरुपूजा आनंदमार्ग के विधि से की गई एवं 3 घंटे का अष्टाक्षरी सिद्ध महामंत्र अखंड बाबा नाम केवलम संकीर्तन से प्रारंभ हुई। 3 घंटे के अखंड संकीर्तन के बाद अपने नियमानुसार आनंदमार्गियों ने साधना में बैठे।
अखंड संकीर्तन के उपरांत आनंद मार्ग प्रचारक संघ जिला भुक्ति प्रधान सुमन भारती ने कहा कि मनुष्य साधना, सेवा और त्याग से महान बनता है। आनंद मार्ग में व्यक्ति योग, साधना एवं सेवा के बल पर ईश्वर की ओर बढ़ने की चेष्टा करता है। उन्होंने कहा कि अष्टाक्षरी सिद्ध महामंत्र बाबा नाम केवलम कीर्तन करने से मन निर्मल होता है और साधना में उन्नति होती है। उन्होंने कहा कि विकट स्थिति से निजात पाने में सामूहिक कीर्तन बहुत ही कारगर सिद्ध होता है।
आनंद मार्ग जागृति स्कूल ठाकुरगंज के प्राचार्य आचार्य लीलाधिशानंद अवधूत ने बताया कि बाबा नाम केवलम कीर्तन के प्रभाव से शांति का माहौल कायम हुआ है। बाबा शब्द का अर्थ है सबसे अधिक प्रिय। कीर्तन करने से यह साधना में सहायक, आनंददायक, बाधा को दुर करने वाला, मोक्ष प्रदान करने वाला, भूत प्रेत को नाश करने वाला होता है। कीर्तन हमलोगों को परमात्मा की ओर ले जाने में मदद करता है।
इस अवसर पर आचार्य नित्य प्रज्ञानंद अवधूत, सुमन भारती, कुंदन गुप्ता, प्रकाश मंडल, अमोद साह, अजय कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, चयन कुमार, त्रिलोकी साह, राजेश कुमार सिंह, सरस्वती देवी, मंगला देवी, चंद्रमाया देवी, सीता देवी, कमला दास, भूमिका सिंह, तिलसरी देवी सहित बड़ी संख्या में आनंदमार्गी उपस्थित थे।