Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज डीएम ने पटेशरी पंचायत का किया दौरा, क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं का किया निरीक्षण।

सारस न्यूज, किशनगंज।

ठाकुरगंज के पटेशरी पंचायत में क्षेत्र भ्रमण कर राज्य सरकार की क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण। प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के निमित जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के पटेशरी पंचायत में भ्रमण कर विभिन्न क्रियान्वित योजनाओं का जायजा लिया। साथ ही जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार अपर समाहर्त्ता, वरीय उप समाहर्त्ता समेत जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों व बीडीओ, सीओ ने क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया और विहित प्रपत्र में निरीक्षण प्रतिवेदन डीएम को समर्पित किया है। मालूम हो कि किशनगंज डीएम श्रीकांत शास्त्री ने पटेशरी पंचायत में भ्रमण कर पंचायत में क्रियाशील योजनाओं यथा हर घर नल का जल, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, लक्षित जन वितरण प्रणाली केंद्र, हर घर तक गली नली योजना, पीडीएस, मनरेगा योजना आदि का निरीक्षण किया गया।

डीएम श्रीकांत शास्त्री सर्वप्रथम ठाकुरगंज प्रखंड के पटेशरी पंचायत के वार्ड नंबर 13 उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खरना पहुंचे। विद्यालय में पठन पाठन, मूलभूत सुविधाओं, बीआरसी द्वारा उपलब्ध कराए गए चिल्ड्रेन किट (चहक) का प्रयोग आदि की जांच की गई। साफ सफाई, पढ़ाई के स्तर को गुणवत्तापूर्ण रखने हेतु जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सुधारात्मक निर्देश दिए। तत्पश्चात पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया। इसके साथ वार्ड नंबर 13 खरना गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 29 पहुंचे। बच्चो की उपस्थिति, पोषाहार वितरण, प्री स्कूलिंग की व्यवस्था का अवलोकन किया। कई सुधारात्मक निर्देश डीएम श्रीकांत शास्त्री के द्वारा दिया गया। पटेशरी पैक्स का निरीक्षण किया गया। धान अधिप्राप्ति की तैयारियों को देखा गया। निरीक्षण उपरांत आवश्यक निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय, मौलानी का भी जिलाधिकारी ने भ्रमण किया। इसी प्रकार डीएम ने आवास योजना, नल जल योजना, पंचायत द्वारा निर्मित नली गली आदि विभिन्न योजनाओं का भी निरीक्षण किया। पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर सरकारी काम काज संचालन की स्थिति को देखा। इसके साथ डीएम ने पटेशरी पंचायत में स्थानीय ग्रामीणों से वार्ता कर उनका फीडबैक लिया। सरकारी योजना, पेंशन लाभ पात्र लाभुको को मिलने/आने वाली समस्या से रुबरू हुए। ग्रामीण आवास का जायजा डीएम ने लाभुक के घर जाकर लिया। इसी प्रकार जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों ने भी मनरेगा योजनाओं, पीएम ग्रामीण आवास योजनाओं, पीडीएस, पैक्स केंद्र का निरीक्षण किया। जिला के सभी प्रखंड में पंचायत में पूर्व प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों ने सुबह में ही अपने आवंटित पंचायत में पहुंचकर निरीक्षण किया। ज्ञातव्य हो कि राज्य सरकार के दिशा निर्देशानुसार प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को डीएम समेत सभी प्रशासनिक पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण कर उसकी प्रभाविकता का अनुश्रवण करते हैं। निरीक्षण के उपरांत निर्देशानुसार निरीक्षण प्रतिवेदन समर्पित किया गया है। तदनुसार अग्रेतर कार्रवाई अपेक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *