सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को ठाकुरगंज के राजद विधायक सऊद आलम के अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन विषय पर उठाए गए विधानसभा प्रश्न पर प्रखंड के गलगलिया स्थित रीगल रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड (मक्का फैक्ट्री) से निकलने वाले अवशिष्ट पदार्थों एवं प्रदूषण की जांच की गई। उक्त जांच मुख्य वन संरक्षक प्रशासन एवं मानव संसाधन विकास बिहार पटना के मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार की अध्यक्षता में की गई।

जांच के दरम्यान वरीय उपसमाहर्त्ता मो. मंजूर आलम, एनआईटी पटना के प्रोफेसर डॉ. नित्यानंद सिंह मौर्य, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अररिया नरेश प्रसाद, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी, किशनगंज उमानाथ दुबे, प्रखंड प्रमुख धनीलाल गणेश, स्थानीय मुखिया मीरा देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे। जांच के क्रम में मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार ने मक्का फैक्ट्री के सभागार कक्ष में फैक्ट्री के अधिकारियों के साथ बैठक कर संचालन के हर पहलूओं की जानकारी प्राप्त की। तदोपरांत जांच अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर एवं परिसर के बाहरी भागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, अपशिष्ट पदार्थों का प्रबंधन तथा अपशिष्ट पदार्थों के यत्र-तत्र फेंके जाने से उत्पन्न दुर्गंध को तीन दिनों के अंदर दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने इस दौरान फैक्ट्री के इर्द-गिर्द बसे गांवों के लोगों से मिल उनकी परेशानियों को भी सुना। अपनी समस्या बताते हुए स्थानीय लोग नसीरुद्दीन, मो. मुन्ना, मो. कैसर, अजीमुद्दीन, तस्लीम, मो रशीद, गुलाम मुस्तफा, हकीमुद्दीन, अजीजुल आदि ने जांच अधिकारियों से कहा कि मक्का फैक्ट्री से हर दिन गंदा पानी छोड़ा जाता है। फैक्ट्री से निकलने वाली दुर्गंध पानी उपजाऊ खेत पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। फैक्ट्री से निकलने वाली गंदा पानी हमेशा हमारे निजी खेतों में एक से डेढ़ फीट तक लगा रहता है। इस गंदे पानी के निकास से हैंडपंप का पानी भी दूषित हो रहा है जिससे हम सभी ग्रामवासी बीमार भी हो रहे हैं। फैक्ट्री का गंदा पानी से 5 से 6 किलोमीटर की दूरी तक के गांव प्रभावित हो रहे हैं। सुबह-शाम फैक्ट्री से गंदा गैस निकलता है। यह गैस सहने योग्य नहीं है। मवेशी पर भी इस गंदे पानी से बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस मौके पर विधायक के आप्त सचिव मनोव्वर राणा, राजद के कोषाध्यक्ष मीर महफूज आलम, राजद प्रखंड युवा सालिम अहमद, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, एहतशाम, वनकर्मी बबलू कुमार आदि सहित फैक्ट्री के अधिकारी व कर्मी मौजुद थे।

