Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज की विवाहिता पुत्री का ससुराल में जहर खाने से पति संग मौत। मृतका की माता ने बेटी के दो भैसुर व सास पर लगाया आरोप

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।

ठाकुरगंज नगर के वार्ड नं 02 के फाराबाड़ी गांव के गोपाल विश्वास की विवाहित पुत्री ने अपने ससुराल में पति के साथ जहर खाकर अपनी इह लीला समाप्त कर ली है। यह घटना बुधवार की रात की बताई जा रही है। मृतका की माँ जमुना विश्वास ने घटना के संबंध में बेटी के दो भैसुरों व सास पर आरोप लगाते हुए कहा कि बुधवार की रात करीब 10 बजे दामाद ने आए दिन जमीन संबंधी घरेलू विवाद से तंग आकर घर में जहर खा लिया था। इसकी भनक जैसे ही उनके परिजनों को लगी वैसे ही मेरे पुत्री को मारपीट कर जबरदस्ती जहर खिला दिया। इसका विरोध करने पर मेरी बेटी को मारा पीटा जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य भागों में चोटें भी लगी।उसके बाद जब उसकी स्थिति नाजुक हालत में पहुंच गया तब उसके परिजन इलाज के लिए इस्लामपुर अस्पताल लाया। जहाँ कुछ देर बाद ही दोनों की मौत हो गयी। अस्पताल प्रशासन के द्वारा उक्त घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थाना ने दोनों के शव को अपने कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पुरी की। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया गया। मृत महिला के माता जमुना विश्वास ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना की बात बताते हुए कहा कि ढ़ाई वर्ष पूर्व चोपड़ा थानाक्षेत्र कच्चाकली गांव के महादेव पाल ( उम्र 29 वर्ष) के साथ मेरी पुत्री मनीषा पाल की विवाह कराया गया था जिससे उनदोनों को 11 माह का पुत्र भी प्राप्त था। पर मेरी पुत्री से उसके बड़े भैसुर व सास आए दिन जमीनी विवाद व घरेलू कारणों से लड़ते झगड़ते रहते थे। मेरी पुत्री जब भी मायके आती तो घरेलू विवाद के संबंध में बताती रहती थी कि मुझे ससुराल में रह रहे पति के दो बड़े भाई व उनकी मां जमीन के संबंध में मानसिक रूप से प्रताड़ित करती रहती हैं। फिर भी हमलोगों ने उसे समझा कर उसके पति के साथ ससुराल भेजते थे। इस दौरान इस्लामपुर पुलिस ने मृतका की माँ जमुना विश्वास से उक्त घटना के संबंध में पूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस संबंध में इस्लामपुर पुलिस ने मृतक की माँ जमुना विश्वास व इनके परिजनों को कहा है कि चूंकि मृतका का ससुराल चोपड़ा थाना क्षेत्र अन्तर्गत आता हैं और घटना भी इसी थाना क्षेत्र में हुआ है तो वे चोपड़ा थाना में ही उक्त घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चोपड़ा थाना को सुपुर्द कर दी जायेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की मायके में उक्त घटना के संबंध में जानकारी होते ही पुरे वार्ड में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *