सारस न्यूज, किशनगंज।
राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा बिहार के इन्जीनियरिंग काॅलेजों में मेकेनिकल इन्जीनियरिंग विषय में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों के लिये गए परीक्षा में ठाकुरगंज के बैरागीझाड़ गांव के उदय कुमार सिंह ने परचम लहराया है। उदय सिंह ने उक्त परीक्षा में छठा स्थान प्राप्त किया है।
बताते चलें कि दो वर्ष पूर्व बिहार के इन्जीनियरिंग काॅलेजों में मेकेनिकल इन्जीनियरिंग विषय में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों के लिये लिखित परीक्षा ली गई थी जिसमें कुल 251 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। शुक्रवार की शाम घोषित परिणाम के अनुसार किशनगंज ज़िले के उदय कुमार सिंह ने इस परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में छठा स्थान प्राप्त किया है। इस संबंध में जे आर एस काॅलेज, मुंगेर के पूर्व प्राचार्य सह ठाकुरगंज निवासी डॉ. प्रमोद भारतीय ने बताया कि बिहार में इन्जीनियरिंग काॅलेजों में सहायक आचार्यों के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा ली गई थी। जिसमें ठाकुरगंज प्रखण्ड में बैरागीझाड़ के पुराने ज़मीनदार सृष्टिलाल सिंह के प्रपौत्र व खगेश सिंह के पुत्र उदय कुमार सिंह ने उक्त परीक्षा में सफलता पाई है। साथ ही छठा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया हैं। इनके पिता खगेश कुमार सिंह क्षेत्र के अग्रणी किसान हैं और चायपत्ती का व्यापार है। बेटे के इस उपलब्धि पर पिता खगेश सिंह ने कहा कि उदय प्रारंभ से ही मेधावी विद्यार्थी रहे हैं। वर्तमान में उदय कुमार सिंह भागलपुर इन्जीनियरिंग काॅलेज में सहायक आचार्य (अंशकालिक) पद पर कार्यरत हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन होने से उनके पैतृक गांव बैरागीझाड़ में खुशी की लहर व्याप्त है एवं उनके शुभचिंतकों, मित्रों व सगे संबंधियों ने उदय कुमार सिंह की उज्जवल भविष्य की कामना की।