Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज के मुख्य पार्षद ने नगर के विभिन्न विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, विद्यालय के सुचारू रूप से संचालन हेतु दिया आवश्यक निर्देश।

सारस न्यूज, किशंगनगंज।

नगर पंचायत ठाकुरगंज के मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल ने शिक्षकों की अनुपस्थिति एवं लेट लतीफी की शिकायत पर नगर के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। शुक्रवार की प्रातः सात बजे सर्वप्रथम बस स्टैंड के समीप स्थित सुबा बाई कन्या मध्य विद्यालय ठाकुरगंज का निरीक्षण किया जिसमें विद्यालय में सुबह सात बजे तक कुल कार्यरत 20 शिक्षकों में मात्र सात शिक्षक उपस्थित दिखे।

इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल ने काफी नाराजगी जताई। साथ ही साथ उन्होंने उपस्थिति पंजी की मांग प्रधानाध्यापिका संध्या कुमारी से करने पर उन्होंने स्पष्ट रूप से यह कह दिया कि आप अथॉरिटी नहीं है। इसलिए मैं आपको शिक्षकों की उपस्थिति पंजी नहीं दिखा सकती।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल ने बताया कि उन्होंने इस बात की शिकायत डीपीओ किशनगंज मो अशफाक आलम से की है और पूछा कि क्या विद्यालय निरीक्षण करने का अधिकार उन्हें प्राप्त है या नहीं। इस बात पर डीपीओ मो अशफाक आलम ने बताया कि उन्हें पूर्ण अधिकार है कि विद्यालय का निरीक्षण करें। इस दौरान उन्होंने आदर्श मध्य विद्यालय ठाकुरगंज का भी निरीक्षण किया और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अब्दुल हमीद को विद्यालय पठन पाठन कार्य को सही तरीके से कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि नगर के सभी विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया है कि सुबा बाई कन्या मध्य विद्यालय ठाकुरगंज में विद्यालय में पठन पाठन कार्य सुचारू रूप से नही चल रही हैं। शिक्षक नियत समय पर स्कूल नहीं पहुंचते हैं और इस पर विभागीय कार्रवाई न कर विद्यालय प्रधान द्वारा और सरंक्षण दिया जाता है। विद्यालय का संचालन रेलवे के ट्रेनों के आने जाने के समय के अनुसार चलता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय को सुचारू रूप से संचालन हेतु प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा गया है कि उपरोक्त मामले की जांच कर पर उचित कार्रवाई की जाए। वहीं विद्यालय निरीक्षण के दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप साह, राजेश करनानी व पूर्व वार्ड पार्षद अनिल महाराज आदि अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *