सारस न्यूज, किशनगंज।
मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे नगर पंचायत ठाकुरगंज में आये तेज आंधी–तूफान से शहर के कॉलेज मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर रानीसती मंदिर के सामने विशालकाय बरगद का पेड़ गिर पड़ा। जिससे पेड़ के नीचे खड़ी ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही कई घंटों के लिए आवागमन बाधित हो गया। दो पहिया वाहन तो निकलने लगे। लेकिन भारी वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश छूटने पर लगभग दो घंटे के बाद वन विभाग के कर्मी पहुंचे और पेड़ को काटकर हटाया। तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। वही ऑटो पर चालक व सवारी नहीं रहने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन ऑटो पेड़ के नीचे दबकर बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। इस प्राकृतिक आपदा से ऑटो चालक सह मालिक को बड़ा नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त बरगद का पेड़ वर्षो पुराना था। वही ग्रामीण इलाकों में भी आंधी पानी के कारण व्यापक रूप से नुकसान हुआ है। किसी के घर की टीन उड़कर दूर चली गयी तो कई के घरों के फूस के छत उड़ गए। किसानों के खेतों में लगे मक्के के फसल को भी व्यापक रूप से क्षति पहुंची है।
इस संबंध में सीओ ओमप्रकाश भगत ने बताया कि इस तेज आंधी–तूफान से हुए नुकसान के आकलन के लिए अंचल अंतर्गत कार्यरत सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है। राजस्व कर्मचारियों से रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात विभाग के नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।