सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को नगर पंचायत ठाकुरगंज के प्रशासनिक भवन के सभागार कक्ष में मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ़ सिकंदर पटेल की अध्यक्षता एवं नपं ठाकुरगंज के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार पासवान की उपस्थिति में बोर्ड की बैठक आयोजित कर वित्तीय वर्ष 2023-24 का 29.90 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट बहुमत के साथ पारित किया गया। जिसे सभी सदस्यों के सर्वसम्मति से स्वीकृत भी कर लिया गया।
इस दौरान ठाकुरगंज बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को भी पार्षदों द्वारा नगर पंचायत की बैठक में उठाया गया तथा अतिक्रमण हटाने पर बल दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार पासवान ने अस्थायी व स्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए होली के बाद नोटिस जारी करने की बात कही। बैठक में उपमुख्य पार्षद उर्मिला देवी के साथ साथ सभी 12 वार्डों के वार्ड पार्षद उपस्थित थे। मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ़ सिकंदर पटेल ने बताया कि नगर पंचायत ठाकुरगंज को क्लीन व ग्रीन बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। नागरिक सुविधा के साथ साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुधार पर विशेष ध्यान बजट में रखा गया है। साथ ही नागरिकों की सुविधा हेतू कर देने की आनलाइन सुविधा देने के लिए प्रकिया आरंभ की जाएगी। यातायात सुविधा की लिए सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए नाला का निर्माण आदि कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर का विकास करना ही उनकी प्राथमिकता है। जो विकास छूट गए हैं, उन्हें शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा।

इस मौके पर उपमुख्य पार्षद उर्मिला देवी, पार्षद कृष्णनंदन झा, अमित सिन्हा, दिलीप सिंह, देवाशीष विश्वास, दुर्गा गुप्ता, सुधा देवी, चांदनी कुमारी, रूपा देवी, कंचन देवी, पूनम कुमारी सहित प्रधान लिपिक मो अजीज व नपं कर्मी मौजूद थे।