सारस न्यूज, किशनगंज।
नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नं-04 आदिवासी टोला में सोमवार को भारत गणराज्य की 15वीं व देश की प्रथम आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर बधाई समारोह कार्यक्रम रखा गया। इस बधाई कार्यक्रम में आदिवासी समाज ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर व गुलाल लगाकर बधाइयां दी।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा नगर उपाध्यक्ष आशालता हेमब्रम ने कहा कि राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति तथा देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी हैं, जो हम आदिवासी समाज के लिए काफी गौरवान्वित का क्षण है। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने के बाद उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने साल 1997 में राइरंगपुर नगर पंचायत के पार्षद चुनाव में जीत दर्ज कर अपने राजनीतिक जीवन का आरंभ किया था। उन्होंने भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। साथ ही वह भाजपा की आदिवासी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रहीं है। द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिले की रायरंगपुर सीट से 2000 और 2009 में भाजपा के टिकट पर दो बार जीती और विधायक बनीं। द्रौपदी मुर्मू मई 2015 में झारखंड की 9वीं राज्यपाल बनाई गई थीं। झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनने का खिताब भी द्रौपदी मुर्मू के नाम रहा। साथ ही वह किसी भी भारतीय राज्य की राज्यपाल बनने वाली पहली आदिवासी भी हैं।
उक्त बधाई समारोह कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश हेमब्रम, भाजपा नेता डोमन टुडू, मंडल टुडू, साहेब सोरेन सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजुद थे।