सारस न्यूज, किशनगंज।
रविवार को ठाकुरगंज नगर स्थित भातडाला पार्क के प्रांगण में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष संतोष दास की अध्यक्षता में लोजपा के संस्थापक सह पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से स्वर्गीय रामविलास पासवान की तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
लोजपा (रामविलास) के एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष संतोष दास ने कहा कि रामविलास पासवान ने भारत सरकार के मंत्रिमंडल में विभिन्न पदों पर सुशोभित होकर अपने काम के बदौलत देश में क्रांति लाने का काम किया। रामविलास का मतलब हर वर्ग के लोगों को लेकर साथ चलना है। उन्होंने देश में संचार क्रांति लाकर एक मिसाल कायम करने का काम किया थ। केंद्र में चाहे जिस विभाग का उन्हें मंत्रिमंडल सौंपा गया उस विभाग को उन्होंने बेहतर किया है। आज हम सभी पार्टी के कार्यकर्ता संकल्पित होकर उनके नीति और सिद्धांतों पर कार्य करने का संकल्प लेते हैं।
युवा नेता शिव पासवान ने कहा कि गरीबों-दलितों-शोषितों और वंचितों के हक के लिए लड़ने वाले रामविलास पासवान का असमय चले जाना राजनीतिक जगत के लिए ही नहीं, बल्कि हमलोगों के लिए भी बड़ी क्षति रही। हम लोगों को रामविलास पासवान जी की कमी हमेशा खलेगी। वहीं दूसरी ओर ठाकुरगंज प्रखण्ड के चुरली पंचायत के झाला पासवान टोला स्थित सामुदायिक भवन में लोजपा के पंचायती राज प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजीव पासवान के नेतृत्व में लोजपा सुप्रीमो सह पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की तीसरी पुण्यतिथि उनके छाया चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर चुरली पंचायत के मुखिया सह पार्टी नेता वीरेंद्र पासवान, वरिष्ठ नेता किशन बाबू पासवान, पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सह चुरली के सरपंच राजीव पासवान, दलित एकता मंच के नगर अध्यक्ष अमरजीत चौधरी, मनोज पासवान, विनोद पासवान, महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष रीना कर्मकार, माला कुमारी, रुख देवी, मिनती देवी, सुनील मरांडी, अजय बस्फोर, शिव पासवान, मनोज कुमार, प्रमोद पासवान, संजय सोरेन, मिथुन पासवान, प्रेम पासवान, कुमोद तांती, नुनु बाबू पासवान आदि सहित कई लोजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।