• Thu. Dec 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज में खरीफ महाभियान को ले प्रखंड स्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।

सारस न्यूज, किशनगंज।

शुक्रवार को ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में अवस्थित ई किसान भवन के सभागार में खरीफ महाभियान 2023-24 के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय खरीफ कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड उपप्रमुख आरिफ हुसैन, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार, डॉ कलाम कृषि विश्वविद्यालय के वरीय वैज्ञानिक सह सहायक प्राध्यापक ई. जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस क्रम में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सफल बनाने के लिए कर्मशाला में किसानों के लिए विभाग की ओर से चलायी जा रहीं विभिन्न योजनाओं की पूरी जानकारी दी गई। इसके साथ ही खरीफ मौसम में विभिन्न फसलों अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य एवं बीज अनुदान के बारे में जानकारी दी गई। पैडी ट्रांसप्लांटर से धान की रोपनी और बदलते मौसम में धान की सीधी बुवाई के तरीके और इसके फायदे की जानकारी दी गई। बिचड़ा बोने और रोपनी करने से पहले खर-पतवार के नियंत्रण और खेत की तैयारी की बारीकियां बतायी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा खरीफ फसलों के उत्पादन से संबंधित जानकारी दी गई है। इस मौके पर मौजूद किसानों को कृषि वैज्ञानिक सह सहायक प्राध्यापक ई. जितेंद्र कुमार ने कृषि से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए वैज्ञानिक विधि से खेती कर कम लागत में अधिक मुनाफा के तरीकों को समझाया। उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज प्रखंड में खरीफ की मुख्य फसल धान है। उन्होंने धान की नर्सरी से लेकर रोपाई, कीटनाशकों का उपयोग कर कीट व्याधियों से बचाव, अन्य प्रबंधन सहित कटाई तक से जुड़ी बातों को विस्तार से बताते हुए कहा कि समय के अनुसार नियमित देखभाल से फसल का उत्पादन बढ़ता है और खुशहाली घर आती है। उन्होंने इलाके में धान के अलावा अन्य फसलों- मकई, गेँहू, पाट व सब्जी और फल आदि की खेती में में लगने वाले रोग और उसका उपचार के बारे भी बताया। उन्होंने जैविक खाद पर जोड़ देते हुए रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं कर जैविक उर्वरक से फसल की पैदावार एवं मिट्टी की गुणवत्ता में वृद्धि यथा मिट्टी की पोषक तत्वों का भरपूर पूर्ति होने की बात भी कही। इस कर्मशाला में प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार ने कृषि निदेशालय द्वारा संचालित योजनाएं – मुख्यमंत्री तीव्र विस्तार योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन कार्यक्रम, कृषि यांत्रिकरण योजना एवं कस्टम हायरिंग सेंटर, मिट्टी जांच एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, पौधा संरक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि के बारे विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने उद्यान निदेशालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय बागवानी मिशन, मुख्यमंत्री बागवानी मिशन, विशेष फसल योजना सहित कई अन्य योजनाओं की जानकारी दी।

इस मौके पर भाजपा के महामंत्री बिजली प्रसाद सिंह, आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक सुदीप सिंह व ननकेश कुमार, कृषि समन्वयक कौशल किशोर व जटाधर सिंह, कृषि सलाहकार हेमंत कुमार गणेश, मो असरारुल हक, हरि प्रसाद साह, जुल्फिकार आलम, अशोक यादव, पंकज कर्मकार, रजी अहमद हाशिमी, गुंजन कुमारी सहित दूर- दराज गांव के किसान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *