सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार विशेष भू सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम के तहत भूमि सर्वे कार्य में तेजी लाने के लिए गुरुवार को अपर समाहर्ता (एडीएम) अनुज कुमार ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार कक्ष में बंदोबस्त पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान एडीएम अनुज कुमार ने ठाकुरगंज अंचल अंतर्गत भूमि सर्वे कार्य के लिए स्थापित पांच शिविरों के अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अपर समाहर्ता ने बताया कि सभी गांवों में ग्राम सभा एवं उद्घोषणा का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। फिलहाल त्रिमुहानी का निर्धारण किया जा रहा है। साथ ही जीर्णशीर्ण हो रहे खतियान के लेखन कार्य में भी गति लाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा गांव एवं भूखंडों के सीमांकन कार्य को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कानूनगो की मदद से इलेक्ट्रॉनिक टोटल स्टेशन पर अपलोड करने के कार्य की भी समीक्षा की। एडीएम ने किसानों से मानचित्र प्रपत्र प्राप्त होने की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के बाद एरियल सर्वे से जमीनी हकीकत का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद रैयत के मालिकाना हक जमीन संबंधी अन्य अभिलेखों से पड़ताल कर तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य के उपरांत बहुत हद तक भूमि विवाद का मामला कम हो जाने की उम्मीद है। सर्वे संवादी की बैठक अगले दिसंबर माह को जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी। इसके पहले सब कुछ अपडेट कर लेने का टास्क दिया गया। बैठक में सीओ ओमप्रकाश भगत, राजस्व अधिकारी मनीष कुमार चौधरी के अलावा सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी सह शिविर प्रभारी पिंटू कुमार, रंजीत चौधरी व सैफ रजा, कानूनगो पुष्पेंद्र कुमार सिंह, संजीव कुमार, राहुल राज, विकास तिवारी, अमीन- विजय कुमार, राजीव कुमार, अमित कुमार, अश्वनी कुमार आदि सहित अन्य सहायक मौजूद थे।