सारस न्यूज, किशनगंज।
नगर पंचायत ठाकुरगंज स्थित नया प्राथमिक विद्यालय भीमवालीश निचानबस्ती एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय चेंगमारी में मंगलवार को भगवान बिरसा मुंडा की 147वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर निवर्तमान मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार चौधरी सहित विद्यालय के शिक्षक -शिक्षिकाओं व समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने भगवान बिरसा मुंडा के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय चेंगमारी में अध्ययनरत आदिवासी समुदाय के छात्र -छात्राएं अपनी पारंपरिक वेष- भूषा धारण कर विद्यालय पहुंचे। छात्राओं ने आदिवासी भाषा के गीत संगीत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत की तो स्कूल के छात्रों ने अपने साथ पारंपरिक तीर धनुष से लैस होकर विद्यालय द्वारा आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल कुंडू ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में विद्यालय के धर्मेंद्र मुर्मू ने प्रथम, गणेश हेमब्रम ने दूसरा तथा संजू सोरेन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया जिसे विद्यालय परिवार द्वारा पुरुस्कृत किया गया। वहीं निवर्तमान मुख्य पार्षद प्रमोद कुमार चौधरी ने स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के एक गरीब किसान परिवार में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही आदिवासी समाज के लोगों को संगठित कर अंग्रेजी हुकुमत के दांत खट्ठे कर दिये थे। अपने धर्म, संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत से लड़ते हुए महज पचीस वर्ष के अल्पायु में देश के लिए अपना प्राण न्योछावर कर दिया। हम सभी को उनकी जीवनी से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शों पर चलकर ही हम उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर पाएंगे। मौके पर कई लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय मो जावेद, अंजार आलम, शाइस्ता रफत, निर्मल कुमार, चंदन कुमार, संजय पासवान, अवनीश कुमार मिश्रा, रेणु कुमारी, राम कुमार, पुष्पा कुमारी आदि सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
