• Thu. Feb 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज में श्री महावीर हनुमान मंदिर में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हुआ समापन, हनुमान जी की प्रतिमा के साथ नगर भ्रमण कर निकाली गई कलश शोभायात्रा।

सारस न्यूज, किशनगंज।

ठाकुरगंज शहर के ब्लॉक रोड जानेवाली मार्ग पर स्थित वासुदेव चौक स्थित रेलवे स्टेशन के समीप बने श्री महावीर हनुमान मंदिर का पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह बुधवार को बड़े धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। मंदिर में श्रीराम भक्त बजरंग बली की मूर्ति स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा समारोह 20 मई से शुरू हुआ था जो बुधवार को ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष के पंचमी को विद्वान पंडितों के द्वारा प्राण-प्रतिष्ठा के साथ संपन्न हो गया।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत विद्वान आचार्य नारायण उपाध्याय के नेतृत्व में हनुमान जी की नवीन प्रतिमा का मंत्रोच्चार व पंचामृत से अभिषेक कर विधि-विधान से हनुमान जी की प्रतिमा को विराजित किया और इसके बाद हवन किया गया, जिसमें नगर के श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति डाली। वहीं इससे पूर्व बुधवार को प्रातः निकाली गई कलश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में नगर की महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके साथ–साथ हनुमान जी की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करने के उपरांत इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। वहीं इसके पहले पूजन स्थल में पांच दिनों से नित्य पूजन व हवन किए गए। पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम के मुख्य व्यवस्थापक मुकेश सोनी ने बताया कि वासुदेव चौक पर स्थित श्री महावीर हनुमान मंदिर की जर्जर स्थिति को देखते हुए एक वर्ष पूर्व मंदिर का नवनिर्माण एवं हनुमान जी की नई प्रतिमा स्थापित करने हेतु समाज के सहयोग से कार्य शुरु किया गया था। मंदिर का नवनिर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद पांच सदस्यीय विद्वान पंडितों द्वारा पवन पुत्र हनुमान जी की प्रतिमा विधि – विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ स्थापित करने हेतु अनुष्ठान आयोजित किए गए। हनुमान जी की मूर्ति का निर्माण राजस्थान के कारीगरों द्वारा राजस्थानी मार्बल में ही करवाया गया जिसकी ऊंचाई 2 फीट 4 इंच हैं।

वहीं किशनगंज से आए पुरोहित नारायण उपाध्याय, राजेश तिवारी, रामप्रवेश झा एवं प्रमोद पांडे तथा सिलीगुड़ी से आए शास्त्रीय योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत शनिवार को देवस्थापना व पुष्पाधिवास के साथ शुरू हुआ था। इसी बीच कई मांगलिक कार्यों के साथ देवपूजन अभिषेक, हवन, पूजा, अधिवास, पुरानी प्रतिमा से क्षमा याचना, कलश यात्रा, नगर भ्रमण, देवपूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा स्थापना व पूर्णाहूति, आरती आदि धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गए।

वहीं उक्त धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में जयंत लाहिड़ी, मुकेश सोनी, निर्मल अधिकारी, रामनाथ साह, विनोद प्रसाद, विकास पाल, मोनू कुमार, गोपाल पारिख, करण शर्मा, इशांत अग्रवाल, रोशन शर्मा, रितेश यादव, विवेक साहा, अंजय चौधरी, गोविंद साह, प्रेम सोनी, सुदीप प्रसाद आदि भक्तजन अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *