• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

दीपावली और छठ पर ठाकुरगंज प्रखंड में 11 स्थानों में चलेगा विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान।

सारस न्यूज, किशनगंज।

आगामी दीपावली एवं छठ पूजा में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के साथ 0 से 5 वर्ष के बच्चों को इस बार विशेष अभियान के तहत पल्स पोलियो  की खुराक पिलाई जाएगी। यह खुराक बच्चों को प्रखंड के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर स्पेशल कैंप लगाकर पिलाई जाएगी।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज के सभागार में बैठक आयोजित कर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि इसके लिए जिला स्वास्थ्य समिति के द्वारा दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर 10 से 20 नवंबर तक विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। दीपावली व छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में वैसे परिवार अपने गृह जिला लौटते जो स्थाई तौर पर यहां निवास नहीं करते हैं। उनसे पोलियो संक्रमण के फिर से प्रसार का खतरा रहता है। लिहाजा एक्सपर्ट एडवाइजरी ग्रुप की अनुशंसा पर विशेष पोलियो अभियान संचालित किया जा रहा है। चिह्नित स्थान जहां से बाहर के बच्चे जिले में प्रवेश करेंगे तथा जिले से प्रखंड व संबंधित गांव में प्रवेश करेंगे। उन जगहों पर कर्मी को नियुक्त किया गया है। जो बच्चों को खुराक पिलाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके आलोक में प्रखंड में अभियान को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।प्रखंड के ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड ठाकुरगंज, एलआरपी चौक पौआखाली, गलगलिया मेची नदी छठ घाट, चुरलीहाट छठ घाट, चेंगा छठ घाट (सखुआडाली), महानंदा नदी छठ घाट(खरना), नगर के भातढाला छठ घाट व सागढाला छठ घाट, पाठामारी मेची नदी छठ घाट एवं पवना नदी छठ घाट (पौआखाली) कुल 11 स्थानों पर विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

वहीं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वसंत कुमार ने बताया कि विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु 2 सुपरवाइजर, 56 स्वास्थ्य कर्मी एवं 28 ट्रांजिट टीम प्रतिनियुक्त की गई है। वहीं इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बीसीएम कौशल कुमार, बीएमसी एजाज अहमद अंसारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर राहुल कुमार, लेखापाल विवेक कुमार, प्रखंड मूल्याकंन एवं अनुश्रवण सहायक अखिल प्रसून आदि सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *