• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

दीपावली से पूर्व महापुरुषों की प्रतिमा के समक्ष दीया प्रज्ज्वलित कर देश के वीर सपूतों को किया स्मरण।

सारस न्यूज, किशनगंज।

दीपावली से पूर्व संध्या रविवार को सांय ठाकुरगंज नगर में शहीदों को नमन कर श्रृद्धांजलि अर्पित की गई। नगर में स्थापित अमर शहीदों व महापुरुषों की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनको स्मरण किया गया। शहर के डीडीसी मार्केट में स्थित महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस, बस पड़ाव में स्वामी विवेकानंद तथा ठाकुरगंज क्लब ग्राउंड में स्थापित भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नगर के विभिन्न संस्थाओं से संबंधित सामाजिक कार्यकर्त्ताओं ने संयुक्त रूप से शहीदों की याद में दीप जलाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब के संयोजक अमित कुमार सिन्हा ने मौजूद युवाओं को सेना में जाकर देश सेवा के लिए प्रेरित किया। दरअसल ठाकुरगंज के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा हर वर्ष दीप महोत्सव का पर्व दीपावली के पूर्व एक दीपक शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों के प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। इसमें नगरवासी वीर जवानों के सम्मान में उक्त स्थानों पर जमा होते हैं और अपने-अपने घरों से लाए दीप जलाकर उन्हें नमन करते हैं।

छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत पटेल ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि आज जो हम अमन चैन से आपने त्योहार को मना रहे हैं ये हमारे वीर जवानों की बदौलत है। देश के उन सभी वीर जवानों को सैल्यूट है, जब हम घर में परिवार के साथ दिवाली की खुशियां मना रहे होते हैं तो उस वक्त हमारे ही बीच का बेटा, भाई सीमा पर राष्ट्र की सुरक्षा में अपनी सारी खुशियों को न्यौछावर कर डटे रहते हैं।

इस मौके पर अमित कुमार सिन्हा, भाजपा व्यवसाई प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक अजय कुमार राय, नगर भाजपा उपाध्यक्ष अतुल सिंह, विप्लबी क्लब के सचिव अरूप कुंडू, अमृत मंडल, हीरा सिंह, कन्हैया यादव, ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब के बिटटू साह, निखिल प्रभात, ऋतिक चौधरी, जितेश चौधरी, लव चौधरी, निखिल प्रभात आदि लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दीप प्रज्वालित कर शरीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *