• Mon. Sep 29th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नेताजी मुलायम सिंह यादव मेरे राजनीतिक गुरु थे:- गोपाल कुमार अग्रवाल।

सारस न्यूज, किशनगंज।

मुलायम सिंह यादव की मृत्यु की सूचना के बाद राजनीतिक हल्कों में दुख की लहर दौड़ गई। इसी क्रम में अक्टूबर 2005 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर ठाकुरगंज विधानसभा से चुनाव जीत कर बिहार विधानसभा पहुंचे पूर्व विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने मुलायम सिंह यादव की मृत्यु पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की है। पूर्व विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुखदायी है। उनके निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तंभ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। इनके सान्निध्य में मेरा पदार्पण राज्य की राजनीति में हुआ। वे मेरे राजनीतिक गुरु थे। उनके निधन से मुझे व मेरे परिवार को व्यक्तिगत क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व रक्षा मंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में नेताजी मुलायम सिंह यादव का अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। भारतीय राजनीति में पिछड़ों शोषितों की आवाज पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन काफी दुखदायी हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव की उपलब्धियां असाधारण थीं और उन्होंने उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे और आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। वह हमेशा राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे। मुलायम सिंह यादव अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे।  वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। यूपी की तमाम पार्टियों के नेताओं ने अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की है। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। वहीं मुलायम सिंह यादव की मृत्यु की सूचना के बाद राजनीतिक हल्कों में दुख की लहर दौड़ गई और प्रखंड ठाकुरगंज के तमाम पार्टियों के प्रखंड ईकाई के नेताओं व कार्यकर्त्ताओं ने अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *