सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ठाकुरगंज नगर स्थित श्रीहरगौरी मंदिर ठाकुरगंज, पथरिया के डाँगीबाड़ी स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर, बुटीझाड़ी स्थित महादेव मंदिर, पावर हाउस स्थित त्रिमूर्ति मंदिर, भातढाला स्थित श्रीराम जानकी मंदिर सहित प्रखंड के सभी शिवालयों में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। पूजा अर्चना कर शिवभक्तों ने माथा टेक कर मन्नतें मांगी।
महाशिवरात्रि पर्व को ले मंदिर को भव्य रूप से बाबा का दरबार सजाया गया था। मंदिर की साज-धज्जा देख श्रद्धालु काफी खुश दिखे। इस दौरान शिव मंदिरों एवं शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने भगवान शंकर एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। वहीं महिलाएं एवं युवतियों ने उपवास रखकर पूजा-आराधना की। प्रसिद्ध श्री हरगौरी मंदिर में हजारों शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। वहीं शाम को भगवान शिव की भव्य रुप से पूरे नगर क्षेत्र में बारात भी निकाली गई जिसमें मुख्य रूप से मुख्य पार्षद श्रीकृष्ण सिंह उर्फ़ सिकंदर पटेल, वार्ड पार्षद सजन कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अनिल साह सहित नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

वहीं प्रथम बार श्री हरगौरी मंदिर में भगवान शिव व माता पार्वती का जो भक्त दर्शन करने आए वे मंदिर में स्थापित शिवलिंग में अंकित माता पार्वती की प्रतिमा को देख काफी आश्चर्य चकित हुए। मंदिर में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी भोलेनाथ के प्रतिमा पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में मंदिर प्रबंधन के पसीने छूट रहे थे। सुबह से ही प्रशासन के साथ मिल कर मंदिर कमिटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता व्यवस्था की जा रही थी। मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात था। शांति व्यवस्था को लेकर कई पदाधिकारी दिन भर मंदिर परिसर में कैंप करते देखे गए। वही देर शाम हरगौरी मंदिर में भोलेनाथ के प्रतिमा का चांदी के आभुषणों एवं फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का श्रृंगार दर्शन किया।

इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने में पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, निरंजन मोर, राजेश करनानी, बिजली सिंह, गोपाल केजड़ीवाल, गणेश अग्रवाल, सिपाही यादव, वार्ड पार्षद अमित सिन्हा, विवेक साह, गौरव गुप्ता आदि कमिटी के सदस्य काफी सक्रिय दिखे।