सारस न्यूज, किशनगंज।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर फ्री विल बैपटिस्ट सोसायटी ठाकुरगंज ने प्रखंड के विभिन्न गांवों में खेल दिवस मनाते हुए ग्रामीण क्षेत्र के किशोर बालक, बालिका एवं युवाओं के बीच खेलकूद के लिए खेल सामग्री वितरित की। सोमवार को संस्था की ओर से मेजर ध्यानचंद की 117वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल, क्रिकेट, बॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन आदि खेलों के सामग्री का वितरण किया। प्रखंड के हजारी (भोगडाबर), धोकरपेट (जिरनगछ), काशीबाड़ी (दल्लेगांव), बरबन्ना (पथरिया) तथा नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड नं चार सहित अन्य गांवों में उक्त खेल सामग्री का वितरण किया गया।

इस दौरान बच्चों, किशोर लड़कों और लड़कियों को खेलों के लिए प्रेरित करते हुए संस्था के आपदा समन्वयक सुभाष दास ने बताया कि अदम्य इच्छाशक्ति और नियमित अभ्यास के पश्चात क्रीड़ा जगत में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। खेल हमें फिट और शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रखने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाता है। यह दिन फिट और स्वस्थ रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डालता है। राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में बाहरी खेल गतिविधियों के महत्व के बारे में जानना है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय स्तर तक होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और सफलता हासिल कर वे अपने और जिले के सम्मान के नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की आवश्यकता है।
वहीं किशोरों एवं युवाओं को खेलकूद सामग्री का वितरण कार्य में संस्था के ज्योति बानिक, लुकास सोरेन, तनवीर नौशाद, साजिद आलम, मधुमिता सोम, सरवत जहां, महिनूर बेगम, अनीता कुमारी, विश्वजीत हलदर आदि ने अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।