• Tue. Sep 16th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित, प्रखंड के सभी पंचायतों में शान से लहरा रहा है तिरंगा।

सारस न्यूज, किशनगंज।

आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता के 75वीं वर्षगांठ को खास बनाने के लिए सरकार द्वारा संचालित हर घर तिरंगा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस क्रम में प्रखंड के ग्राम पंचायत दल्लेगांव के अंडाबाड़ी गांव में प्रशासन द्वारा प्रखंड स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय मुखिया सोगरा नाहिद की अध्यक्षता में बीडीओ सुमित कुमार, प्रमुख धनी लाल गणेश, उपप्रमुख आरफीन हुसैन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार, बीएचएम वसंत कुमार, मनरेगा पीओ सुशील कुमार सिद्धू, पाठामारी थानाध्यक्ष संदीप आनंद आदि ने सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रखंड स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम के तहत बीडीओ ने राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। राष्ट्रीय गान गाए। ध्वजारोहण के उपरांत कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि गुलाम हसनेन ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए बीडीओ सुमित कुमार ने कहा कि भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। आजादी के इस अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने के लिए सरकार हर घर तिरंगा कैंपेन चला रही है। यह अभियान 13 अगस्त यानी आज से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। उन्होंने प्रखंडवासियों से अपील की कि सभी देशवासी अपने घरों पर आजादी के इस अमृत महोत्सव पर तिरंगा फहराएं। आज से लोग अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा झंडा फहराएंगे। देश में आज से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रखंड के सभी 21 ग्राम पंचायतों में लोग शनिवार की सुबह से अपने घर पर तिरंगा फहराने शुरु कर दिए हैं।

मुखिया सोगरा नाहिद ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सबों का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। मंच संचालन मो जहांगीर आलम ने की। वहीं कार्यक्रम में पटेशरी मुखिया प्रतिनिधि दिलशाद राही, कनकपुर मुखिया प्रतिनिधि सोहेल अख्तर, पैक्स चेयरमैन अनवर आलम, सरपंच मोहम्मद रेहान, तातपौआ के पैक्स चेयरमैन रागीव असलम, तातपौआ मुखिया प्रतिनिधि मो. रसमूद्दीन, मुजफ्फर आलम, गुलाम जिलानी, गुलाम नुमानी आदि सहित आसपास स्कूल के शिक्षक-शिक्षिका, छात्र- छात्राएं, स्थानीय पंचायतवासी मुख्य रूप से मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *