Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन।

सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।

दिनांक 21 जून 2024 को श्री स्वर्ण जीत शर्मा, कमान्डेंट, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के दिशानिर्देश और उनकी गरिमामय उपस्थिति में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय ठाकुरगंज के साथ-साथ वाहिनी के सभी समवायों एवं वाह्य सीमा चौकियों में हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में श्री स्वर्ण जीत शर्मा ने सभी जवानों एवं उपस्थित +2 बॉय्ज़ हाईस्कूल ठाकुरगंज के विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि हर साल 21 जून को योग दिवस मनाने के पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला कारण यह है कि इस दिन सूर्य की किरणें सबसे ज्यादा देर तक धरती पर रहती हैं, जो स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी मानी जाती हैं। दूसरा कारण यह है कि इसी दिन ग्रीष्म संक्रांति होती है और इसके बाद आने वाली पूर्णिमा को भगवान शिव ने अपने सात शिष्यों को पहली बार योग की दीक्षा दी थी।

महोदय ने योग के मानसिक और शारीरिक लाभों पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि योग आपके मस्तिष्क के कार्यों, स्मृति और एकाग्रता में सुधार करता है। नियमित योगाभ्यास से मन की एकाग्रता बनी रहती है और तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने सभी को सुबह उठकर नियमित योग करने की सलाह दी, जिससे योग के सभी फायदे प्राप्त हो सकें।

इस अवसर पर 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के योग प्रशिक्षक मुख्य आरक्षी सतीश कुमार ने योग का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के फायदे और उससे संबंधित कुछ सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। योग के फायदे जैसे मानसिक तनाव से छुटकारा, वजन कम करना, डायबिटीज रोगियों के लिए लाभकारी, मन प्रसन्न रखना और आत्मविश्वास में वृद्धि करना शामिल हैं। उन्होंने योगाभ्यास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों जैसे सुबह या शाम के समय योग करना, योग हमेशा खाली पेट करना, और अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार आसन करना बताया।

इस कार्यक्रम में श्री रविकान्त द्विवेदी, उप कमांडेंट, श्री जगजीत बहादुर जेगवार, उप कमांडेंट, एवं बल के समस्त अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *