• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

19वीं एसएसबी वाहिनी मुख्यालय ठाकुरगंज में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र समन्वय समिति की बैठक आयोजित, दोनों देशों के जिला पदाधिकारियों के बीच कई मुद्दों पर बनी आम सहमति।

सारस न्यूज, किशनगंज।

सोमवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के बटालियन मुख्यालय के प्रांगण में भारत-नेपाल जिला स्तरीय सीमा समन्वय समिति  की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों देशों के राष्ट्र गान गाकर किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी किशनगंज श्रीकान्त शास्त्री ने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस दौरान साथ ही मोरंग (नेपाल) के प्रमुख जिलाधिकारी बिरेन्द्र कुमार यादव को पुष्प गुच्छ देकर उनका हार्दिक स्वागत किया।

बैठक के दौरान भारत और नेपाल सीमा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर दोनों देशों के पदाधिकारियों के बीच चर्चा हुई। उक्त बैठक में कुल 16 एजेण्डों पर विस्तार से चर्चा की गयी, जिसमें दोनों पक्षों के द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर सहमति व्यक्त किया गया। इसमें सीमावर्ती क्षेत्र से आतंकवादी गतिविधियों का मुकाबला करने, अवैध हथियारों की तस्करी पर रोकथाम, नेपाल से भारत में शराब, मवेशी और पेट्रोलियम उत्पाद की तस्करी एवं भारत से नेपाल में की जाने वाली नशीली दवाओं, उर्वरक और अन्य वर्जित वस्तुओं की तस्करी पर रोकथाम के उपायों पर चर्चा, क्षतिग्रस्त हुए सीमा स्तंभों की मरम्मत एवं रख रखाव, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच खुफिया जानकारी साझा करने संबंधी, अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर अनाधिकृत अतिक्रमण रोकने के लिए उठाये जा रहे कदम, संवेदनशील क्षेत्रों में बल की तैनाती हेतु चर्चा, सीमा क्षेत्र में आवाजाही करने वाले वाहनों की नियमित जांच किये जाने सम्बन्धी, नकली मुद्रा रोकथाम के उपाय, हाथी दांत की तस्करी सम्बन्धी, अपराधियों की धड़-पकड़ के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान सहित कई संवेदनशील मुद्दों पर दोनों देशों के पदाधिकारियों के बीच चर्चा की गई। इसके अलावा उभय पक्षों के द्वारा नोमेन्स लेंड पर भी सतत् निगरानी रखने का निर्णय लिया गया ताकि उसपर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जा सके। साथ ही उभय पक्षों के द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित क्षतिग्रस्त पीलर की मरम्मति का भी निर्णय लिया गया। इसके बाद दोनों देशों के सीमावर्त्ती जिले किशनगंज एवं मोरंग (नेपाल) के जिला पदाधिकारियों के बीच आम सहमति के साथ बैठक का समापन किया गया। वहीं इस दौरान भारत की ओर से जिला प्रशासन किशनगंज के द्वारा नेपाल से आये सभी पदाधिकारियों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मित्र देश नेपाल की तरफ से झापा (नेपाल) के दूसरी वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल के पुलिस अधीक्षक देव राज अर्याल, मोरंग  (नेपाल) के तीसरी वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल के पुलिस अधीक्षक तीर्थ बहादुर थापा, नेपाल पुलिस के मोरंग (नेपाल) के पुलिस अधीक्षक दीपक पोखरेल, नेपाल पुलिस के जिला झापा (नेपाल) के पुलिस अधीक्षक दुर्गा राज रेगमी, मोरंग (नेपाल) के एसीडीओ शरद कुमार, झापा (नेपाल) के एसीडीओ बिस्व राज नेपाल तथा भारत की ओर से 41वीं वाहिनी एसएसबी रानीडांगा के कमान्डेंट सुभाष नेगी, 19वीं वाहिनी एसएसबी ठाकुरगंज के कमान्डेंट मधुकर अमिताभ, 12वीं वाहिनी एसएसबी किशनगंज के उप कमांडेंट फिलिम बसंता, प्रभागीय वन अधिकारी अररिया नरेश प्रसाद, एसडीएम अमिताभ कुमार गुप्ता, श्वेतांक लाल वरीय उप समाहर्त्ता किशनगंज, सीमा सुरक्षा बल किशनगंज के उप कमान्डेंट (आसूचना) एम. के. सिंह, स्थानीय वाहिनी के उप कमान्डेंट रविकांत द्विवेदी, उप कमांडेंट जय प्रकाश कुमार, सहायक कमांडेंट एस.ए. सिकंदर, पुलिस उपाधीक्षक किशनगंज अजीत पी.एस. चौहान सहित दोनों देशों के कई अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *