सारस न्यूज, किशनगंज।
मंगलवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के द्वारा 77वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा द्वारा वाहिनी मुख्यालय ध्वजारोहण किया गया। तिरंगे को विशेष गार्ड द्वारा सलामी दिया गया और साथ ही सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं सभी बल कार्मिकों के द्वारा राष्ट्रीय गान गाकर राष्ट्रीय सम्मान दिया गया।
इसके उपरान्त कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा के द्वारा सभी बल कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को 77वें स्वतंत्रता दिवस की ढेर सारी शुभकामनायें दी। उन्होंने बताया की भारत या विदेश में रहने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक के दिल में इस दिन का बहुत महत्व है क्यूँकि वर्षों के संघर्ष के बाद भारत को 15 अगस्त को आजादी जो मिली इस दिन भारतीय नागरिकों को अंग्रेजों से पूर्ण स्वतंत्रता मिली और पूर्ण स्वायत्तता प्राप्त हुई। यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों और स्वतंत्रता प्राप्त करने में उनके द्वारा बलिदान किए गए जीवन की भी याद दिलाता है। हमारे वीरों ने जिस दर्द से वह मुश्किल समय व्यतीत किया है, वह हमें याद दिलाता है कि आज हम जिस आज़ादी का आनंद ले रहे हैं और वह लाखों लोगों का खून बहाकर हासिल की है। आज के इस पावन दिन को राष्ट्रीय त्यौहार के रूप में मनाया जाता है।
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा करता है। यह लोगों को एकजुट करता है और उन्हें यह महसूस कराता है कि हम एक राष्ट्र हैं जहां कई अलग-अलग भाषाएं, धर्म और सांस्कृतिक मूल्य हैं। अनेकता में एकता भारत का प्रमुख सारतत्व और शक्ति है। आज के इस दिन को हम अपने शहीदों को कोटि कोटि नमन करते हैं जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन न्योछावर किया। आज उनकी वीरता और देश प्रेम के जज्बे से प्रेरणा लेने का दिन है। उन्होंने बताया कि हमारे जवान स्वंतत्र भारत और मित्र राष्ट्रों की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के कार्यों में महत्वपूर्ण भीमका निभा रहे हैं। निरंतर सतर्क और सचेत रहकर ही आप अन्तराष्ट्रीय सीमाओं पर हो रही अवैध गतिविधियों को रोक सकते हैं। आपको न केवल सीमा पार अपराध को रोकना है, बल्कि सीमावर्ती जनता का विश्वास भी जीतना है। भारत की सुरक्षा के लिए आपको अपने क्षेत्राधिकार के गाँवों को अपने साथ लेकर चलना होगा। अगर हमारे गाँव सुरक्षित हैं तो देश सुरक्षित है। आपको स्थानीय लोगों के मन में देशप्रेम की अलख जगानी है यह भी आपकी एक मूलभूत जिम्मेदारी है। इसके लिए आपको गाँववाले के साथ निरन्तर संपर्क में रहना होगा। अन्त में एक बार फिर सभी को उन्होंने शुभकामनायें दिया और सभी के साथ मिठाइयाँ खाकर आज़ादी के इस जश्न को मिलजुल कर मनाया।
इसी क्रम में हमारे संदिक्षा सदस्या द्वारा प्रेसिडेंट, श्रीमती इंदु शर्मा के नेतृत्व में मेरी माटी मेरा देश को नमन वीरों का वंदन के तहत 75 स्वदेशी प्रजाति के पौधे शहीद मनीकंदन पी वाटिका में लगाये गए। सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम का भी आयोजान किया गया।
आज़ादी के इस जश्न में द्वितीय कमान अधिकारी, अनूप रोबा कछप, उप कमांडेंट एम ब्रोजेन सिंह, उप कमांडेंट जगजीत बहादुर जेग्वार, सहायक कमांडेंट सुनील कुमार सहित सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं सभी बल कार्मिक मौजूद रहे।