सारस न्यूज,किशनगंज।
सोमवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्यवाहक कमान्डेंट अनूप रोबा कछप के निर्देश पर वाहिनी के वीर शहीद आरक्षी मनीकंदन पी. की तीसरी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत में 2 मिनट का मौन धारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद बल कर्मी आरक्षी मनीकंदन पी. की तैलीय चित्र पर सभी अधिकारियों और जवानों ने पुष्पांजलि अर्पित की और रीथ चड़ा कर श्रृद्धांजलि अर्पित की गयी।

इस अवसर पर कार्यवाहक कमान्डेंट अनूप रोबा कछप द्वारा सभी जवानों को संबोधित कर बताया कि बल संख्या 140320461 शहीद आरक्षी मणिकंदन पी., पुत्र – पंकिराज एम. एवं श्रीमती सीथाबाई पी., गाँव- वीराविलाइ, डाकघर- कुरथेनकोड़, थाना-ऐरानियल, जिला-कन्याकुमारी, तमिलनाडु राज्य के रहने वाले थे। तीन वर्ष पूर्व दिनांक 05 जून 2020 को19वी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत नेपाल अंतराष्ट्रीय सीमा स्तम्भ संख्या 123/1 वाह्य सीमा चौकी सिंघीमारी के समीप क्षेत्र में किये गए तस्कर विरोधी अभियान के दौरान तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में अपनी जान की परवाह किए बिना वीरता का प्रदर्शन करते हुए तस्करों को भागने पर मजबूर कर दिया एवं अपने टीम के सदस्यों की जान बचाई। इस मुठभेड़ में वीर शहीद आरक्षी – सामान्य मणिकंदन पी. को सिर में गंभीर चोट लगी एवं वह वीरगति को प्राप्त हो गए। उन्होंने बताया कि इस वीरतापूर्ण कार्य एवं अपने सर्वोच्च बलिदान के लिए वीर शहीद आरक्षी सामान्य मणिकंदन पी. को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज नमन करती है। उक्त कार्यक्रम के दौरान उप कमान्डेंट रविकान्त द्विवेदी, उप कमान्डेंट जय प्रकाश कुमार, सहायक कमान्डेंट राहुल भरत माली, सहायक कमान्डेंट (चिकित्सा) मागा राम, निरीक्षक प्रशासन शंकर कुमार मंडल, निरीक्षक राज कुमार पाण्डेय सहित बल के समस्त कार्मिक उपस्थित थे।