सारस न्यूज, किशनगंज।
बुधवार को 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा समवाय मुख्यालय पाठामारी के प्रांगण में द्वितीय कमान अधिकारी सह कार्यवाहक कमांडेंट अनूप रोबा कछप के दिशा निर्देश पर नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र से आए हुए 50 किसानों का साप्ताहिक व्यावसायिक प्रशिक्षण मुर्गी पालन का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज के उप कमान्डेंट रविकांत द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए उप कमान्डेंट रविकांत द्विवेदी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही है। इसके तहत उन्हें सरकारी स्तर पर सहायता और सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी सरकार की ओर से सहायता और अनुदान दिया जाता है। लेकिन मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू करने से पहले इसका प्रशिक्षण लिया जाना जरूरी हो जाता है ताकि किसान इससे अधिक कमाई कर सकें। प्रशिक्षण का उद्देश्य न केवल मुर्गी पालन की विधिवत जानकारी देना है। इसी के साथ ही इस व्यवसाय को कैसे बेहतर रोजगार का साधन बनाए इस बात पर जोर देना है।
इसके उपरांत उन्होंने सभी किसानों को बल के बारे में बताया कि सीमा की सुरक्षा में हमारे जवान अपनी महत्वपूर्ण भूमिका तो निभा ही रहे हैं। इन सभी कार्यों के अलावा वाहिनी के द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में समय समय पर नागरिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जैसे- मानव चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, कंप्यूटर ट्रेनिंग, किसानों के लिए कृषि उपकरण का वितरण, स्कूली बच्चों के लिए बेंच- डेस्क आदि कई कार्यक्रम संचालित किए जाते रहते हैं। हम आशा करते हैं कि किसान इस व्यावसायिक प्रशिक्षण के द्वारा आत्मनिर्भर एवं स्वाबलंबी बनेंगे और अपने एवं अपने परिवार का बखूबी ख्याल रखने मे सक्षम होंगे। इस मौके पर प्रशिक्षण संस्था आरएस मैनेजमेंट सर्विस के विजय सोनार, निरीक्षक भरत कुमार, उप निरीक्षक दिनकर कुमार मिश्रा एवं अन्य बलकर्मी उपस्थित थे।