सारस न्यूज टीम, किशनगंज।
जिले में हर घर दस्तक अभियान जारी है। 31 जुलाई तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 12 वर्ष से ऊपर के वंचित लाभार्थियों की तलाश कर उन्हें कोविड का वैक्सीन दिया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अब प्रीकॉशन डोज लेने में बड़ा बदलाव किया है। अब नौ महीने की जगह छह महीने में ही प्रीकॉशन डोज लेने का प्रावधान है। सिविल सर्जन डॉक्टर कौशल किशोर ने कहा कि जिले के तीन लाख 65 हजार 245 लक्ष्य के विरुद्ध 2 लाख 66 हजार 245 घरों में अभियान के तहत वंचित लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। जो लक्ष्य का 73 प्रतिशत है। जिलाधिकारी डॉक्टर श्रीकांत शास्त्री ने अभियान को सफल बनाने के लिए प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा है। जिले में कुल 12.38 लाख लोगों को प्रथम डोज ,10.99लाख लोगों को दूसरा डोज तथा 1.08 लाख लोगो को प्रीकॉशन डोज दिया गया है।
जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 36 हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों सहित टीकाकरण केंद्रों में नियमित रूप से टीकाकरण अभियान जारी है। हर घर दस्तक टीकाकरण अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में टीकाकरण टीम घर-घर पहुंच कर टीकाकरण से वंचित लाभार्थियों को टीकाकृत कर रही है। संबंधित क्षेत्र की एएनएम, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों द्वारा टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।