प्रतिनिधि, सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
ठाकुरगंज: सोमवार (25 August) की दोपहर ठाकुरगंज वार्ड नंबर 2, भीम बालिग के पास शिशु विद्या मंदिर के बच्चों को ले जा रहे एक टोटो और एक पिकअप वैन के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा तब हुआ जब पिकअप के सामने अचानक एक गाय आ गई और गाय को बचाने में ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और वैन टोटो से जा टकराई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में टोटो में सवार तीन बच्चे घायल हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही, घटनास्थल के पास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई की। भाजपा के जिला प्रवक्ता कौशल किशोर, जो अतुल सिंह के घर के पास ही मौजूद थे, ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को निकालने और जल्दी हॉस्पिटल ले जाने में मदद की।
कुल तीन बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चियां और बगल के गांव का एक बच्चा शामिल है। घायलों में एक बच्चा मुनाफ भी है, जिसके पिता प्रिंस डोगछी छैतल पंचायत के मुखिया हैं।
घटनास्थल पर मौजूद भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष गौतम चंद्रवंशी ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अपनी गाड़ी उपलब्ध कराई। उनकी गाड़ी से सभी घायल बच्चों को फौरन पास के नियाज़ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। उनके साथ अजय राय भी मौजूद थे, जिन्होंने बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
नियाज़ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को आगे के इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया। फिलहाल, राहत की बात यह है कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।
इस मुश्किल घड़ी में कौशल किशोर, अतुल सिंह, गौतम चंद्रवंशी और अजय राय सहित सभी स्थानीय लोगों की त्वरित और निस्वार्थ मदद की सराहना की जा रही है। इन लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। यह घटना समाज में एकजुटता और मानवता की भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
सारस न्यूज़ बच्चों के जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता है।




इस खबर का पीडीफ यहाँ से डाउनलोड कर सकते हैं।